Shreyas Iyer Health: श्रेयस अय्यर की हेल्थ पर बड़ा अपडेट, क्रिकेटर ने खुद बताया कैसे हैं अब हालात

Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। फिल्डिंग करते समय उनकी पेट के ऊपरी हिस्से में गेंद लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।
Shreyas Iyer
श्रेयस अय्यर, (फाइल फोटो
Published on: 
Updated on: 

Shreyas Iyer Health Update: भारतीय क्रिकेट टीम के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर की सेहत को लेकर फैंस की चिंता अब कम हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी अस्पताल में भर्ती अय्यर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी हेल्थ को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनकी स्थिति में अब काफी सुधार है और डॉक्टरों की निगरानी में वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं।

श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। फिल्डिंग करते समय उनकी पेट के ऊपरी हिस्से में गेंद लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया। जांच के बाद इंटरनल ब्लीडिंग की शिकायत सामने आई, और सावधानी के तौर पर उन्हें ICU में भर्ती किया गया था। इस खबर के सामने आने के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस समेत पूरा खेल जगत चिंता में था।

मैं अब बेहतर महसूस कर रहा हूं- अय्यर

हालांकि, अब राहत की बात यह है कि अय्यर ने खुद अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने हेल्थ को लेकर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा कि आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। अब मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं और डॉक्टरों की देखरेख में रिकवरी कर रहा हूं। जल्द ही मैदान पर वापसी करूंगा। बीसीसीआई (BCCI) ने भी अय्यर की स्थिति पर अपडेट जारी करते हुए कहा कि डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत की मॉनिटरिंग कर रही है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।

अस्पताल से जल्द डिस्चार्ज होंगे श्रेयस अय्यर

बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। टीम इंडिया के कप्तान और साथी खिलाड़ियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अय्यर के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। विराट कोहली ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा- "मजबूत रहो श्रेयस, पूरी टीम तुम्हारा इंतज़ार कर रही है'।

इंग्लैंड सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर बेहद जरूरी

गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर भारत के लिए मिडल ऑर्डर के अहम बल्लेबाज हैं और आने वाली इंग्लैंड सीरीज के लिए उनका फिट रहना टीम के लिए जरूरी है। पिछले कुछ महीनों में वे शानदार फॉर्म में रहे हैं और उनके प्रदर्शन ने भारत की बल्लेबाजी को मजबूती दी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अय्यर की हालत अब स्थिर है और उन्हें सामान्य कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है। यदि रिकवरी इसी गति से जारी रहती है, तो वे दो सप्ताह के भीतर ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं।