निशानेबाज: प्रधानमंत्री बनेगा कोई मराठा वीर, पृथ्वीराज छोड़ रहे हवा में तीर

Prithviraj Chavan Controversial Statement: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पृथ्वीराज चव्हाण कह रहे हैं कि 19 दिसंबर को राजनीतिक भूकंप आएगा और एक मराठी व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा।
पृथ्वीराज छोड़ रहे हवा में तीर
पृथ्वीराज छोड़ रहे हवा में तीर (सौ.डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

नवभारत डिजिटल डेस्क: पड़ोसी ने हमसे कहा, ‘निशानेबाज, पिछले दिनों मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि पिता के जीवित रहते उत्तराधिकारी की चर्चा नहीं करते।इतने पर भी महाराष्ट्र के पूर्व सीएम व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पृथ्वीराज चव्हाण कह रहे हैं कि 19 दिसंबर को राजनीतिक भूकंप आएगा और एक मराठी व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा।बताइए कि वह मराठी व्यक्ति कौन है?’ हमने कहा, ‘ऐसी बेतुकी बातों पर भरोसा मत कीजिए।इतिहास की किताब में पृथ्वीराज चौहान के बारे में आपने पढ़ा होगा जो अवसर नहीं चूकते थे।मोहम्मद गोरी ने उनकी आंखें फोड़ दी थीं लेकिन उनके पास शब्दवेधी बाण चलाने की अनोखी क्षमता थी।

पृथ्वीराज के साथी व चारण चंदबरदाई ने कहा- चार बांस चौबीस गज अंगुल अष्ट प्रमाण, ता ऊपर सुलतान है, मत चूके चौहान।इसके बाद मोहम्मद गोरी के घंटा बजाते ही ध्वनि की दिशा में पृथ्वीराज चौहान ने तीर छोड़ दिया।वह बाण लोहे के 7 तवे छेदकर सीधे मोहम्मद गोरी की छाती में जा धंसा।अब जिन पृथ्वीराज चव्हाण की बात आप कर रहे हैं वह तीर नहीं बल्कि तुक्का छोड़ रहे हैं।मोदी सरकार को नीतीश कुमार और चंद्राबाबू नायडू की पार्टियों का आधार मिला हुआ है इसलिए 2029 के लोकसभा चुनाव तक मोदी ही पीएम बने रहेंगे.’ पड़ोसी ने कहा, ‘निशानेबाज, पृथ्वीराज चव्हाण ने अमेरिका में पढ़ाई की थी।वह मनमोहन सिंह की सरकार के समय पीएमओ में थे।उन्हें दिल्ली से महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाकर भेजा गया था।उनकी मां प्रेमलता उर्फ काकी चव्हाण राज्य में कांग्रेस की बड़ी नेता थीं।उन्होंने किसी न किसी आधार पर भूकंप आने की चेतावनी दी होगी.’

हमने कहा, ‘भूकंप बिना बताए अचानक आता है और वैज्ञानिक उसकी तीव्रता सीस्मोग्राफ से रिक्टर स्केल पर नापते हैं।पृथ्वीराज चव्हाण कोई वैज्ञानिक नहीं हैं।वह खयालों में हंगामा कर रहे हैं और दूर की कौड़ी ला रहे हैं।उनकी बात गंभीरता से मत लीजिए।मोदी को आरएसएस का पूरा सपोर्ट है।आप चाहें तो संघ को बीजेपी का पिता कह सकते हैं।आरएसएस पहले जनसंघ का पालक था।अब वह 45 वर्षों से बीजेपी का गार्जियन है।इसलिए पृथ्वीराज चव्हाण की एक हफ्ते में 2 बार की गई भविष्यवाणी पर भरोसा मत कीजिए।हवा में तीर छोड़नेवाले को वीर मानने की गलती मत कीजिए।’

लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com