10 फरवरी का इतिहास: भारत में लोकतंत्र की स्थापना का शंखनाद

India First Election: 10 फरवरी 1952 को भारत ने पहली बार लोकतांत्रिक शक्ति का प्रयोग किया। नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस की जीत ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की नींव मजबूत कर दी।
February 10th in history: The clarion call for the establishment of democracy in India.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Updated on

First Lok Sabha Election: दुनिया का सबसे विशाल लोकतंत्र होने का दर्जा रखने वाले भारत के नागरिक हर पांच साल में वोट के जरिए अपनी पसंद की सरकार चुनते हैं, लेकिन लोकतंत्र का रास्ता चुनने वाले देश के सामने 1952 में लोकसभा का पहला चुनाव एक बड़ी चुनौती था। पंडित जवाहरलाल नेहरू 1947 में आजादी के बाद से ही देश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रहे थे।

10 फरवरी 1952 का दिन देश के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बड़ा दिन था, जब नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने लोकसभा की 489 में से 249 सीट पर विजय हासिल कर बहुमत प्राप्त कर लिया। अभी 133 सीट के नतीजे आने बाकी थे। इन चुनावों को भारत में लोकतंत्र की स्थापना की दिशा में एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा गया।

देश-दुनिया के इतिहास में 10 फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1818 : अंग्रेजों की सेना और मराठा सेना के बीच रामपुर में तीसरा और अंतिम युद्ध लड़ा गया।

1921 : महात्मा गांधी ने काशी विद्यापीठ का उद्घाटन किया।

1921 : ड्यूक ऑफ कनॉट ने इंडिया गेट की आधारशिला रखी।

1952 : आजादी के बाद पहले लोकसभा चुनाव में पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर देश में लोकतंत्र की स्थापना का शंखनाद किया।

1990 : बृहस्पति की ओर जाते हुए अंतरिक्ष यान गैलीलियो शुक्र ग्रह के सामने से गुजरा।

1996 : शतरंज को दिमाग का खेल माना जाता है और आईबीएम ने शतरंज खेलने वाला कंप्यूटर 'डीप ब्लू' बनाया। इंसानी दिमाग को चुनौती देने के लिए शतरंज के विश्व चैंपियन गैरी कास्परोव और डीप ब्लू के बीच मुकाबला आयोजित किया गया, जिसे कास्परोव ने 4-2 से जीत लिया। यह अलग बात है कि अगले वर्ष डीप ब्लू इस मुकाबले में विजयी रहा।

2005 : ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स और लंबे समय से उनकी मित्र कैमिला पार्कर के विवाह की तारीख की घोषणा की गई।

2009 : प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित भीमसेन जोशी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया। उन्हें नवंबर, 2008 में भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी।

2010 : पाकिस्तान में पेशावर के नजदीक खैबर दर्रा इलाके में पुलिस अधिकारियों के काफिले पर आत्मघाती हमला। राहत और बचाव के लिए पहुंचे दल को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान 13 पुलिस अधिकारियों सहित कुल 17 लोगों की मौत हुई।

2013 : इलाहाबाद में कुंभ मेले के दौरान भगदड़ मचने से 36 लोगों की मौत, 39 अन्य घायल।

भाषा एजेंसी के द्वारा

Navbharat Live
navbharatlive.com