

Highlights:
जुलाई 2026 में एक एआई एजेंट ने परीक्षण व्यवस्था से बाहर निकलकर दूसरी कंपनी के सर्वर में अनधिकृत प्रवेश किया।
इस घटना ने एआई की स्वायत्तता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए।
एजेंटिक एआई में कई एजेंट मिलकर खुद फैसले लेते हैं और लक्ष्य पूरा करते हैं।
Autonomous AI Agents Threats: जुलाई 2026 में एआई सुरक्षा के इतिहास की एक बहुत महत्वपूर्ण घटना हुई थी। ओपन एआई कंपनी के एक उन्नत एआई एजेंट ने उसके परीक्षण की व्यवस्था से निकलकर दूसरी एआई कंपनी हगिंग फेस के सर्वरों में अनधिकृत प्रवेश कर लिया। वह एजेंट यह जानने का प्रयास कर रहा था कि वह स्वतंत्र कैसे हो सकता है? मामला एफबीआई तक पहुंचा। चिंता की बात यह थी कि इन एआई एजेंटों को किसी इंसान ने निर्देश नहीं दिए थे, बल्कि वे आपस में मिलकर इंसानों की तरह फैसले कर रहे थे।
सवाल यह है कि क्या हम भविष्य में एजेंटिक एआई का जो विकास क्रम आने वाला है, उससे बच सकते हैं? एजेंटिक इंसानों की तरह फैसले करने वाले एजेंट तैयार करने की विधा है, जिसमें कई एजेंट आपस में मिलकर इंसानों के दिए गए काम को अंजाम देते हैं, बल्कि किसी लक्ष्य को समझकर उसे पूरा करने के लिए खुद कई चरणों में काम करते हैं। जरूरत पड़ने पर अलग-अलग डिजिटल उपकरणों और सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं, जानकारी का विश्लेषण करते हैं और उपलब्ध विकल्पों में से सही रास्ता चुनते हैं।
आजकल एआई एजेंट को लक्ष्य और बजट बताने पर वह सही विकल्पों की पड़ताल करता है और काम को अंजाम देता है। किसी कंपनी में ग्राहकों के सवालों का जवाब देने, बिक्री के आंकड़ों का विश्लेषण करने, बैठकों का समय तय करने और काम की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में भी इनका इस्तेमाल बढ़ रहा है।
एआई एजेंट की सबसे बड़ी विशेषता यह है वे आजादी मिलने पर अच्छा काम करते हैं। सामान्य चैटबॉट किसी सवाल का जवाब देता है, जबकि एजेंट किसी काम को पूरा करने के लिए एक के बाद एक कई निर्णयों की श्रृंखला तैयार करता है। वह काम के दौरान मिली नई जानकारी के आधार पर अपनी अगली कार्रवाई भी बदल सकता है। यही क्षमता उन्हें कारोबारी दुनिया के लिए सबसे ज्यादा उपयोगी बना रही है। अब आप ही बताइए कि क्या हम इससे बच सकते हैं? कंपनियां नियमित और दोहराए जाने वाले कामों को एजेंट के हवाले करके समय और लागत बचा रही हैं। यह अलग बात है कि अहम फैसले इंसानों को अपने पास रखने होंगे।
अगर आप महत्वपूर्ण बैंक खातों या वित्तीय स्रोतों की जानकारी इन एजेंट को देंगे तो आपको खामियाजा उठाना पड़ सकता है। कहने की जरूरत नहीं कि गंभीर खतरे भी इसके साथ आने वाले हैं। एक और बड़ा सवाल यह है कि एआई एजेंट के गलत कामों की जिम्मेदारी किसकी होगी। यदि एआई एजेंट की गलती से किसी का पैसा डूबता है या किसी नागरिक को अनुचित तरीके से सेवा देने में चूक होती है, तो जिम्मेदार कौन होगा? क्या तकनीक बनाने वाली कंपनी जिम्मेदार होगी? या उसका इस्तेमाल करने वाला संस्थान होगा? या अंतिम अनुमति देने वाला व्यक्ति ? अब तक इसका कोई कानूनी ढांचा नहीं बना है।
साइबर हमलों और डाटा चोरी का खतरा भी बढ़ता जाएगा। तब इन ऑटोनामस एजेंट को मिलने वाली आजादी पर सवाल खड़े होंगे। लिहाजा हर कार्रवाई पर निगरानी, महत्वपूर्ण निर्णयों से पहले मानवीय मंजूरी और कामकाज का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य करना पड़ेगा। क्या लोग ऐसा कर पाएंगे? आंकड़े सब कुछ नहीं होते। आंकड़ों से परे होती हैं, भावनाएं, संवेदनशीलता और मानवीय स्पर्श। एआई एजेंट का भविष्य इस बात से तय नहीं होगा कि वे कितने स्वतंत्र होकर काम कर सकते हैं, बल्कि इससे तय होगा कि मनुष्य उनके इस्तेमाल पर कितना अच्छा नियंत्रण करता है। मशीनें मनुष्यों की तरह फैसलें करेंगी, फिर भी वे मनुष्य तो नहीं हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) अब केवल सर्च इंजिन नहीं रहा, जो महज आपके सवालों के जवाब देता रहे, वह बड़े फैसले भी लेने लगा है। एडवांस एजेंटिंक एआई एक ऐसी तकनीक है, जहां मनुष्य के फैसले एआई एजेंट लेते हैं। वे इंसानों की तरह काम करते हैं। वे विकल्पों का विश्लेषण करते हैं। जाहिर है, आने वाले समय में मशीनें हमारी जिंदगी में अहम भूमिका निभाएंगी। खतरे कई हैं। सवाल यह है कि हम क्या चुनेंगे? और हमारे पास विकल्प क्या हैं?
लेख -जय प्रकाश पाराशर के द्वारा