लता मंगेशकर व महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (डिजाइन फोटो)
6 February Important Events: छह फरवरी का दिन इतिहास में कई वजहों से खास माना जाता है। इसी तारीख को वर्ष 1952 में एलिज़ाबेथ द्वितीय ने ब्रिटेन की महारानी के रूप में सिंहासन संभाला था। वहीं 1971 में इसी दिन चंद्रमा पर पहुंचे अंतरिक्ष यात्री ने गोल्फ खेलकर एक अनोखा कीर्तिमान भी बनाया था। यह दिन कई महान व्यक्तित्वों के जन्म और निधन से भी जुड़ा है। ‘सीमांत गांधी’ के नाम से प्रसिद्ध खान अब्दुल गफ्फार खान का जन्म 6 फरवरी 1890 को हुआ था। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन, जो भारत में भी काफी लोकप्रिय रहे, उनका जन्म भी 6 फरवरी 1911 को इसी दिन हुआ।
हिंदी के आधुनिक गद्य साहित्य के प्रमुख लेखक कृष्ण बलदेव वैद का निधन 6 फरवरी 2020 को अमेरिका के न्यूयॉर्क में 92 वर्ष की आयु में हुआ। ‘उसका बचपन’, ‘बिमल उर्फ़ जाएँ तो जाएँ कहाँ’, ‘तसरीन’, ‘दूसरा न कोई’, ‘दर्द ला दवा’, ‘गुज़रा हुआ ज़माना’, ‘काला कोलाज’, ‘नर-नारी’, ‘माया लोक’ और ‘एक नौकरानी की डायरी’ जैसे उपन्यासों के जरिए उन्होंने हिंदी साहित्य में अपनी अलग पहचान बनाई।
6 फरवरी 2022 को देश की महान गायिका और संगीत जगत की सबसे चमकदार शख्सियतों में शामिल लता मंगेशकर का मुंबई में 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मधुर आवाज़ ने प्रेम, खुशी, पीड़ा और हर मानवीय भावना को संगीत के जरिए लोगों के दिलों तक पहुंचाया। ग्रामोफोन के दौर से लेकर डिजिटल युग तक उनका स्वर समान रूप से प्रभावशाली रहा।
लता मंगेशकर ने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि भारत की लगभग सभी भाषाओं में गीत गाए। उन्हें ‘सुर सम्राज्ञी’, ‘स्वर कोकिला’ और ‘सहस्राब्दी की आवाज’ जैसे सम्मानजनक उपनाम मिले, जबकि प्रशंसक उन्हें स्नेह से ‘लता दीदी’ कहते थे। इंदौर में जन्मीं लता ने महज 13 साल की उम्र में 1942 में मराठी फिल्म ‘किती हसाल’ के लिए अपना पहला गीत रिकॉर्ड किया था।
1949 में फिल्म ‘महल’ का गीत ‘आएगा आने वाला’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। उस समय पार्श्व गायकों को ज्यादा पहचान नहीं मिलती थी और यह सार्वजनिक नहीं किया गया था कि गीत किसने गाया है, लेकिन गीत की लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि लोग गायिका का नाम जानने को उत्सुक हो गए। बाद में रेडियो स्टेशन को एचएमवी से संपर्क कर यह जानकारी देनी पड़ी कि यह गीत लता मंगेशकर ने गाया है। इसी के साथ देश को एक नई संगीत सितारा मिला।
लता मंगेशकर को भारत रत्न, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार सहित अनेक बड़े सम्मानों से नवाजा गया। इसके अलावा, 6 फरवरी 2023 को तुर्किये और सीरिया में आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 11 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई और हजारों लोग घायल हुए।
देश-दुनिया के इतिहास में छह फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1890 : महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न खान अब्दुल गफ्फार खान का जन्म।
1911 : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन का जन्म। रोनाल्ड विल्सन रीगन अपने शानदार व्यक्तित्व और अंदाज के कारण दुनिया भर में खासे लोकप्रिय रहे। वह इस पद पर पहुंचने वाले एकमात्र फिल्म अभिनेता थे।
1931 : मोतीलाल नेहरू का निधन।
1952 : एलिजाबेथ द्वितीय ने ग्रेट ब्रिटेन की राजगद्दी संभाली। उन्होंने वर्ष 2002 में ब्रिटेन के राज सिंहासन पर अपने 50 वर्ष पूरे करने का जश्न मनाया था।
1958 : म्यूनिख में एक विमान दुर्घटना में 21 लोग मारे गए। इनमें मैनचेस्टर युनाइटेड फुटबाल क्लब के सात खिलाड़ी भी थे। 1959 : अन्ना चांडी केरल उच्च न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश नियुक्त हुईं।
1971 : अपोलो 14 के जरिए चांद पर पहुंचे एलन शेपर्ड ने दो दिन तक चांद पर चहलकदमी के दौरान एक गोल्फ़ क्लब से गोल्फ बॉल को हिट किया और चांद पर गोल्फ़ खेलने वाले पहले व्यक्ति बन गए।
1993 : अमेरिका के टेनिस खिलाड़ी आर्थर ऐश का एड्स से जुड़े निमोनिया से निधन। वह ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले अश्वेत खिलाड़ी थे।
2002 : भारत ने सीमा में घुस आए पाकिस्तान के जासूसी विमान को मार गिराया।
2008 : भारत सरकार ने असम के माजुली द्वीप को वर्ष 2008 की विश्व विरासत सूची में शामिल करने के लिए सांस्कृतिक भू-स्थल के वर्ग में मनोनीत किया।
यह भी पढ़ें:- 4 February History: फेसबुक की आमद, मार्क जुकरबर्ग ने बदला सोशल मीडिया का अंदाज
2019 : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो वाहनों के आमने-सामने की टक्कर में 16 लोगों की मौत।
2020 : हिन्दी के आधुनिक गद्य-साहित्य में सबसे महत्वपूर्ण लेखकों में गिने जाने वाले कृष्ण बलदेव वैद का अमेरिका के न्यूयार्क में 92 साल की उम्र में निधन ।
2021 : पद्मश्री, संगीत नाटक अकादमी तथा कालिदास एवं शिखर सम्मान से सम्मानित रंगकर्मी बंसी कौल का नयी दिल्ली में 72 साल की उम्र में निधन।
2022 : देश के संगीत जगत की सबसे बड़ी हस्तियों में शुमार और कई पीढ़ियों तक अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरने वाली महान गायिका लता मंगेशकर का मुंबई में 92 वर्ष की उम्र में निधन।
2023 : तुर्किये और पड़ोसी देश सीरिया में आए 7.8 की तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में 11,000 से अधिक लोगों की मौत, हजारों लोग घायल।
2025 : हजारों प्रदर्शनकारियों ने ढाका में बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के आवास में आग लगा दी और अवामी लीग के कई नेताओं के घरों में तोड़फोड़ की।
एजेंसी इनपुट के साथ