

विश्व शांति के लिए 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र संघ का गठन हुआ।
1984 में कोलकाता में भारत की पहली मेट्रो ट्रेन का सफल संचालन शुरू हुआ।
आखिरी मुगल शासक बहादुर शाह जफर का जन्म 24 अक्टूबर 1775 को हुआ था
History On First Metro In India: भारत के आधुनिक विकास की बात करें तो 24 अक्टूबर 1984 को देश में एक नई क्रांति का आगाज हुआ था। इसी दिन कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) में भारत की पहली मेट्रो रेल सेवा शुरू की गई थी। उस समय शुरू हुआ यह सफर आज देश के दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे दर्जनों प्रमुख शहरों में शहरी परिवहन का सबसे मजबूत और आधुनिक आधार बन चुका है। इससे भी पहले, साल 1851 में आज ही के दिन कलकत्ता से डायमंड हार्बर के बीच भारत की पहली आधिकारिक टेलीग्राफ लाइन चालू की गई थी, जिसने देश में संचार व्यवस्था के एक नए युग की नींव रखी थी।
इतिहास के पन्नों में 24 अक्टूबर की तारीख का एक विशेष और वैश्विक महत्व है। यह वही दिन है जिसने द्वितीय विश्व युद्ध के विनाशकारी दौर के बाद वैश्विक शांति, सद्भावना और सहयोग की एक नई उम्मीद जताई थी। दुनिया के तमाम देशों के समन्वित प्रयासों के बाद 24 अक्टूबर 1945 को संयुक्त राष्ट्र घोषणापत्र (UN Charter) लागू किया गया और आधिकारिक तौर पर संयुक्त राष्ट्र (United Nations) अस्तित्व में आया। इसी वजह से हर साल 24 अक्टूबर को दुनिया भर में 'संयुक्त राष्ट्र दिवस' के रूप में मनाया जाता है।
1605 : अकबर के निधन के बाद शहजादे सलीम ने मुगल सल्तनत की बागडोर संभाली। इतिहास में उन्हें जहांगीर के नाम से जाना जाता है।
1775 : भारत के आखिरी मुगल शासक बहादुर शाह जफर का जन्म।
1851 : कलकत्ता (अब कोलकाता) और डायमंड हार्बर के बीच पहली आधिकारिक टेलीग्राफ लाइन की शुरुआत।
1914 : महान स्वतंत्रता सेनानी लक्ष्मी सहगल का जन्म।
1921 : देश के सबसे चर्चित और सम्मानित कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण का जन्म। ''कॉमन मैन'' के जरिये देश के ज्वलंत मुद्दों को लकीरों ही लकीरों में बेहद व्यंग्यात्मक शैली में पेश करने में लक्ष्मण को महारत हासिल थी।
1945: संयुक्त राष्ट्र की स्थापना।
1954 : महान स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ रफी अहमद किदवई का निधन।
1984 : भारत की पहली मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत। पहली मेट्रो कलकत्ता (कोलकाता) में चलाई गई और बाद में यह राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों में परिवहन के एक प्रमुख साधन के तौर पर सामने आई।
1997 : केरल में शिक्षण संस्थाओं में रैगिंग पर रोक लगाई गई। बाद में शैक्षणिक संस्थानों में फैली इस बुराई पर देशभर में रोक लगाई गई और इसके खिलाफ बाकायदा अभियान चलाया गया।
2000 : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी का निधन।
2003 : ब्रिटेन ने सुपरसोनिक यात्री विमानों को विदाई दी। इस श्रेणी के अंतिम विमान ने हीथ्रो हवाई अड्डे से उड़ान भरी।
2004 : ब्राजील ने अंतरिक्ष में पहला सफल रॉकेट परीक्षण किया।
2013 : सुप्रसिद्ध भारतीय पार्श्व गायक मन्ना डे का निधन।
2017 : प्रसिद्ध ठुमरी गायिका गिरिजा देवी का निधन।
2022 : म्यामां में जातीय समूह के समारोह के दौरान सेना के हवाई हमलों में 80 लोगों की मौत।
2024: गाजा में शरणार्थी शिविर पर इजराइल के हमले में 17 लोगों की मौत।