Vishwakarma Ji Ki Aarti: आरती किसी भी पूजा-अर्चना का अंतिम चरण होता है। विश्वकर्मा पूजा के दिन भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा करने के बाद आरती की जाती है। भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के निर्माण, शिल्प, वास्तुकला और तकनीकी कौशल के देवता माने जाते है।
इस दिन कारखानों, दुकानों, वर्कशॉप और कार्यस्थलों पर मशीनों, औजारों और दूसरे उपकरणों की भी पूजा की जाती है। पूजा के बाद श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की आरती करनी चाहिए।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
सकल सृष्टि के कर्ता, रक्षक स्तुति धर्मा।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
आदि सृष्टि में विधि को, श्रुति उपदेश दिया।
जीव मात्र का जग में, ज्ञान विकास किया।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
ऋषि अंगिरा ने तप से, शांति नहीं पाई।
ध्यान किया जब प्रभु का, सकल सिद्धि आई।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
रोग ग्रस्त राजा ने जब, आश्रय लीना।
संकट मोचन बन कर, दूर दुःख कीना।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
जब रथकार दम्पति, तुम्हारी टेर करी।
सुनकर दीन प्रार्थना, विपत्ति हरी सगरी।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
एकानन चतुरानन, पंचानन राजे।
द्विभुज, चतुर्भुज, दसभुज, सकल रूप साजे।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
ध्यान धरे जब पद का, सकल सिद्धि आवे।
मन दुविधा मिट जाये, अटल शांति पावे।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
श्री विश्वकर्मा जी की आरती जो कोई जन गावे।।
कहत गजानन्द स्वामी, सुख सम्पत्ति पावे।।
ओम जय श्री विश्वकर्मा, प्रभु जय श्री विश्वकर्मा।
भगवान विश्वकर्मा की आरती पूरी होने के बाद हाथ जोड़कर भगवान को प्रणाम करें और प्रसाद खुद भी ग्रहण करें और सभी के बीच वितरित करें। जिन औजारों, मशीनों या उपकरणों की पूजा की गई है, उनके प्रति सम्मान व्यक्त करें। वर्तमान समय में मॉडर्न गैजेट जैसे- कंप्यूटर, लैपटॉप व कैमरा आदि की भी पूजा की जाती है। कार्यस्थल पर पूजा करते समय दीपक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बीच सुरक्षित दूरी रखना भी जरूरी है। किसी भी गैजेट या उपकरण पर पानी का छिड़काव न करें।