साप्ताहिक राशिफल (सौ. डिजाइन फोटो)
Weekly Horoscope March 2026: मार्च का यह पहला सप्ताह यानी 1 से 7 तारीख तक खगोलीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस सप्ताह सूर्य, मंगल, वक्री बुध, शुक्र और राहु कुंभ राशि में संचरण कर रहे हैं। वहीं शनि और शुक्र (1 मार्च की रात से) मीन राशि में रहेंगे। वक्री गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं।
कुंभ राशि में राहु, मंगल और सूर्य का योग प्राकृतिक प्रकोप, भूकंप या अग्निकांड जैसी घटनाओं का कारण बन सकता है। व्यापारिक दृष्टिकोण से 3 और 4 मार्च को अनाज, कपास, घी और धातुओं (सोना-चांदी) में तेजी आने के प्रबल योग हैं।
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह प्रगति के द्वार खोल रहा है। आपके सपने सच होने की दिशा में कदम बढ़ेंगे। कार्यस्थल पर आपकी वरिष्ठता बढ़ेगी, लेकिन इसके साथ ही अतिरिक्त जिम्मेदारी तनाव भी दे सकती है। समाज में आपका कद बढ़ेगा। हालांकि रिश्तों की समीक्षा करना जरूरी है। सच्चे दोस्तों और दुश्मनों की पहचान करें।
वृषभ राशि वालों को इस सप्ताह निजी रिश्तों पर ध्यान देने का भरपूर मौका मिलेगा। पुराने मित्रों से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी। आपकी योजनाओं की सराहना होगी। हालांकि, खर्चों में बढ़ोत्तरी चिंता का विषय बन सकती है, इसलिए आय के नए स्रोत तलाशने होंगे। यात्रा के योग भी बन रहे हैं।
मिथुन राशि के जातकों को अपनी अभिरुचियों पर काम करने का अवसर मिलेगा। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा जिससे आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। करियर में बेहतरीन प्रस्ताव मिलने की संभावना है। धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। सफलता के शिखर पर पहुँचने के बावजूद व्यक्तिगत रिश्तों को अनदेखा न करें।
कर्क राशि वालों के लिए यह सप्ताह मेहनत से सफलता पाने का है। आपका मौलिक चिंतन आपको प्रतिस्पर्धियों से आगे रखेगा। जो लोग आपके मार्ग में बाधा बन रहे थे, वे अब सहयोग की मुद्रा में रहेंगे। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। बड़े निवेश की सोच रहे हैं, तो अनुभवी लोगों की राय अवश्य लें।
सिंह राशि के जातकों का समय पारिवारिक उत्सवों में बीतेगा। परिवार की खुशियों पर खर्च बढ़ सकता है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिलने के आसार हैं। जो लोग नौकरी की तलाश में हैं, उन्हें शुभ समाचार मिल सकता है। विरोधियों से सावधान रहें और बिखरे हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें।
प्रतीकात्मक तस्वीर
यह भी पढ़ें:- होली खेलने से पहले जान लें सूतक का समय! प्रेमानंद जी महाराज ने बताए रंगों से पहले के जरूरी नियम
कन्या राशि वालों को इस सप्ताह अपनी जिद पर काबू रखना होगा, वरना गलत फैसले नुकसान करा सकते हैं। उच्च अध्ययन में सफलता का योग है। नौकरी में स्थान परिवर्तन की संभावना बन रही है। रिश्तेदारों से मुलाकात और वैवाहिक चर्चाओं में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। उन्नति के नए मार्ग खुलेंगे।
तुला राशि के जातकों का पूरा ध्यान अपने भविष्य और करियर की योजनाओं पर रहेगा। नई शुरुआत के लिए समय अनुकूल है और आपको सबका सहयोग प्राप्त होगा। अपनी बात दूसरों को समझाने में आप सफल रहेंगे। हालांकि, अत्यधिक व्यस्तता के कारण परिवार को पर्याप्त समय देना आपके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
वृश्चिक राशि वालों के लिए परेशानियों से छुटकारे का समय है। सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में आपकी व्यस्तता बढ़ेगी। संपत्ति से जुड़े पुराने विवाद सुलझ सकते हैं। सप्ताह के अंत में विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत है। किसी बुजुर्ग की सलाह आपके करियर के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।
धनु राशि के जातकों को पिछली मेहनत का पूरा लाभ इस सप्ताह मिलेगा। सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों में घनिष्ठता बढ़ेगी। मानसिक शांति के लिए आप किसी छोटी यात्रा पर जा सकते हैं। कार्यक्षेत्र में अधिकारियों से मधुर संबंध बनाना आपके भविष्य के लिए फायदेमंद साबित होगा। सुरक्षा हेतु निवेश पर ध्यान दें।
मकर राशि वालों के लिए भाग्य इस सप्ताह मेहरबान है। जो कार्य कठिन लग रहे थे, वे अब आसानी से पूरे होंगे। आपकी काबिलियत की तारीफ वे लोग भी करेंगे जो पहले आपकी उपेक्षा करते थे। सुख-सुविधाओं पर खर्च होगा। सरकारी कार्यों में थोड़ा विलंब संभव है, लेकिन व्यापारिक सौदे आपके पक्ष में सुलझेंगे।
कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह पुराने कर्ज और आर्थिक मामलों को योजनाबद्ध तरीके से सुलझाना होगा। परिवार के आयोजनों में आपकी सक्रिय भागीदारी रहेगी। बच्चों के करियर को लेकर थोड़ी चिंता रह सकती है। ध्यान रहे, जिस पर आप आंख मूंदकर भरोसा कर रहे हैं, वह बीच राह में साथ छोड़ सकता है।
मीन राशि वालों के लिए नए व्यक्तियों से मेल-जोल आर्थिक लाभ लेकर आएगा। आप केवल मुनाफे पर ही नहीं, बल्कि स्थायी रिश्ते बनाने पर भी जोर देंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार से मन प्रसन्न रहेगा। यात्राएं लाभदायक सिद्ध होंगी। अपने नजरिए में बदलाव लाकर आप व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में बेहतर सामंजस्य बिठा पाएंगे।