

Makar Rashi Yearly Horoscope: नए साल 2026 को लेकर हर मकर राशि वाला यह जानना चाहता है कि आने वाला वर्ष परिवार, धन, व्यापार, नौकरी, प्रेम और स्वास्थ्य के लिहाज से कैसा रहेगा। वर्ष 2026 में गुरु का तीन बार राशि परिवर्तन होगा। जनवरी से 02 जून 2026 तक गुरु छठे भाव में रहेंगे, इसके बाद सातवें भाव में गोचर करेंगे और 31 अक्टूबर 2026 तक वहीं स्थित रहेंगे।
इसके बाद गुरु-केतु की युति बनेगी, जिससे कुछ मामलों में परेशानी और कुछ में लाभ मिलेगा।शनि तीसरे भाव में, जबकि केतु धर्म भाव में विराजमान रहेंगे। इन्हीं ग्रहों की चाल के आधार पर आइए जानते है ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा से मकर राशि का वार्षिक राशिफल।
साल 2026 में पारिवारिक जीवन में शुरुआत में अधिक उत्साह नहीं रहेगा। परिवार के कुछ सदस्य आपकी बातों को नजरअंदाज कर सकते हैं, जिससे मन खिन्न रह सकता है। ऐसे में संयम रखें और परिवार के प्रति निष्पक्ष एवं सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। 02 जून 2026 के बाद पारिवारिक स्थिति अनुकूल होने लगेगी। गुरु सातवें भाव में उच्च स्थिति में रहेंगे, जिससे घर-परिवार में मान-सम्मान बढ़ेगा। संतान की उन्नति होगी और मानसिक प्रसन्नता में वृद्धि होगी।
व्यापार के लिहाज से वर्ष 2026 मिला-जुला रहेगा। जनवरी से 02 जून तक गुरु छठे भाव में रहने के कारण व्यापार में कुछ बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन आपकी सूझ-बूझ इन्हें संभाल लेगी।
02 जून के बाद स्थिति में सुधार होगा और 31 अक्टूबर 2026 से व्यापार में अच्छा लाभ मिलने लगेगा। साझेदारी में व्यापार कर रहे लोग लेन-देन में विशेष सावधानी रखें।
नौकरीपेशा लोगों को उन्नति मिलेगी, लेकिन जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा। बैंकिंग, शेयर मार्केट, मीडिया, शिक्षा और कोर्ट-कचहरी से जुड़े कार्यों में 02 जून से 31 अक्टूबर 2026 के बीच विशेष लाभ के योग हैं। कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा।
विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2026 थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। शनि की स्थिति के कारण पढ़ाई में मन भटक सकता है। हालांकि गुरु के सहयोग से बीच-बीच में अच्छे परिणाम मिलेंगे। उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को मेहनत करनी होगी, परिवार का सहयोग प्राप्त होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को 02 जून 2026 तक सफलता मिलने के योग हैं। करियर में उन्नति होगी, लेकिन किसी भी निर्णय में जल्दबाजी न करें।
वर्ष 2026 भूमि और भवन से जुड़े मामलों में पूरी तरह अनुकूल नहीं है। चौथे भाव में किसी बड़े ग्रह की स्थिति नहीं होने के कारण प्रयास अधिक करना पड़ेगा। हालांकि कठिन मेहनत के बाद परिणाम आपके पक्ष में आ सकते हैं।
वाहन की खरीदारी के लिए वर्ष 2026 में शुभ योग बनते दिखाई दे रहे हैं। शनि तीसरे भाव में रहेंगे। हालांकि जनवरी से 02 जून तक गुरु कमजोर स्थिति में रहेंगे, लेकिन उनकी दृष्टि नवम और दशम भाव पर रहेगी। शुक्र के अनुकूल होते ही वाहन खरीदने के योग बनेंगे।
प्रेम संबंधों को लेकर वर्ष की शुरुआत में थोड़ी चिंता रह सकती है। पार्टनर का सहयोग मिलेगा, लेकिन रिश्ते को सार्वजनिक करने से बचें। किसी मित्र या समाज में अपने प्रेम संबंधों की चर्चा न करें। मीठी बातचीत और समझदारी से रिश्ता मजबूत होगा। 02 जून 2026 के बाद प्रेम संबंधों में स्थिरता आएगी। वैवाहिक जीवन मिला-जुला रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा और 02 जून 2026 तक वैवाहिक जीवन में संतोष बना रहेगा।
स्वास्थ्य के मामले में लापरवाही न करें। शनि तीसरे और गुरु छठे भाव में रहने से स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। खान-पान पर विशेष ध्यान दें। पीलिया, गले से जुड़ी समस्या और मानसिक तनाव हो सकता है। 02 जून से 31 अक्टूबर 2026 के बीच स्वास्थ्य में सुधार होगा और पुरानी बीमारियों से राहत मिलेगी।