

Rahu Astrology: वैदिक ज्योतिष में राहु को छाया ग्रह माना जाता है और राहु-केतु का नाम सुनते ही एक अशुभ का भान मन में आता है, लेकिन ऐसा नहीं है। राहु को महत्वाकांक्षा, असामान्य सोच, भौतिक इच्छा, जोखिम लेने और अचानक होने वाले बदलाव से जोड़ा जाता है। इसलिए राहु की स्थिति को केवल शुभ या अशुभ से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि भाव, राशि, भावेश, युति और ग्रहों की दृष्टि के साथ उसका विश्लेषण किया जाता है।
ज्योतिषीय मान्यताओं में तीसरा भाव राहु के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां राहु साहस, आत्मविश्वास, कम्युनिकेशन पावर और जोखिम लेने की प्रवृत्ति को बढ़ाता है। मीडिया, कम्युनिकेशन, मार्केटिंग, एंटरटेनमेंट और बिजनेस जैसे क्षेत्रों में इसका प्रभाव विशेष रूप से देखने को मिलता है।
छठे भाव में राहु को मजबूत स्थिति में देखा जा सकता है। यह प्रतियोगिता, संघर्ष और बाधाओं से जुड़े भाव में राहु की रणनीतिक और चुनौतीपूर्ण ऊर्जा को सक्रिय करता है। इसे विरोधियों और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने की क्षमता से जोड़ा जाता है।
दसवां भाव राहु की सबसे महत्वपूर्ण स्थितियों में से एक है। दसवां भाव करियर, कर्म, प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि से संबंधित माना जाता है। यहां राहु व्यक्ति में बड़ा मुकाम हासिल करने, अलग पहचान बनाने और पारंपरिक रास्तों से हटकर करियर बनाने की तीव्र महत्वाकांक्षा पैदा करता है।
राहु के लिए ग्यारहवां भाव भी अनुकूल माना जाता है। यह आय, लाभ, इच्छाओं की पूर्ति और सामाजिक नेटवर्क से जुड़ा है। इस भाव में राहु बड़े नेटवर्क, आर्थिक लाभ और बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ने की इच्छा को मजबूत करता है। तकनीक, इनोवेशन और नए क्षेत्रों से जुड़े अवसर भी इसकी व्याख्या में शामिल किए जाते हैं।
अगर केवल भाव स्थिति के आधार पर राहु का विश्लेषण किया जाए, तो पारंपरिक ज्योतिषीय व्याख्याओं में तीसरे, छठें, दसवें और ग्यारहवें घर को राहु के लिए अनुकूल माना जाता है। इनमें 10वां और 11वां भाव करियर, प्रतिष्ठा, लाभ और बड़े लक्ष्यों के संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
हालांकि, किसी व्यक्ति की कुंडली में राहु का अंतिम फल केवल भाव देखकर तय नहीं किया जा सकता। राहु की राशि, लग्न, भावेश, युति, ग्रहों की दृष्टि और पूरी कुंडली का एक साथ अध्ययन करने पर ही वास्तविक स्थिति का ज्ञान होता है।