सावन में चढ़ाएं ये फूल (सौ.सोशल मीडिया)
भगवान शिव शंकर को समर्पित सावन 22 जुलाई 2024 सोमवार से शुरू हो रहा है, और इसका समापन 19 अगस्त को हो जाएगा। इस बार के सावन की सबसे बड़ी खास बात यह है कि सावन माह सोमवार से ही शुरू है रहा है और इसका समापन भी सोमवार को ही हो रहा है। ऐसे में शिव भक्तों के लिए इस बार का सावन बहुत ही शुभ बताया जा रहा है।
इस पवित्र महीने में शिवभक्त भोलेनाथ को प्रसन्न करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए तरह-तरह की चीजें शिव को अर्पित करते हैं। लेकिन, भगवान भोलेनाथ कुछ पुष्प बेहद प्रिय हैं।
इन फूलों को चढ़ाना होता है शुभ
जिनको चढ़ाने से भगवान भोलेनाथ शीघ्र प्रसन्न होते है, और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। ऐसे में आइए जानें उन पुष्पों के बारे में-
कनेर का फूल
हम सभी जानते हैं कि हर देवी-देवता को अलग-अलग प्रकार के पुष्प समर्पित होते हैं। इसी तरह भगवान शिव को कनेर का फूल भी चढ़ाया जाता है। कनेर का फूल तीन रंग का होता है – पीला, सफेद और लाल।
इन पुष्पों को चढ़ाने से शिवजी बहुत प्रसन्न होते हैं, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि प्रदोष और सोमवार छोड़कर ही इन फूलों को भगवान शिव पर अर्पित करें।
आंकड़े का फूल
आंकड़े का फूल दो तरह का होता है, नीला और सफेद रंग का। जिसमें भगवान शिव को सफेद रंग का आक या मदार बहुत पसंद है। अक्सर शिव पूजन में सफेद आक के फूल का उपयोग किया जाता है। इस फूल को विभिन्न स्थानों में अलग अलग नाम से जाना जाता है, जैसे अर्क, आंकड़ा, मदार और अकौआ। इस फूल को शिव जी में चढ़ाने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
पारिजात का फूल
पारिजात का फूल भी भगवान शिव को प्रिय माना जाता है। कहा जाता है कि सावन के महीने में इस पुष्प को भगवान शिव पर चढ़ाने से वे बहुत प्रसन्न होते हैं। मान्यता है कि यह पुष्प श्री विष्णु के कृष्ण अवतार खुद स्वर्ग से धरती लेकर आए थे। यह पूरे साल में सिर्फ सर्दी के दिनों में ही खिलता है।
धतूरे के फूल
धतूरे के फूल को लेकर पौराणिक कथा है, जिसमें बताया गया है कि समुद्र मंथन में विषपान के बाद भगवान शिव की छाती से इस फूल की उत्पत्ति हुई थी। शिवलिंग में धतूरे के फूल चढ़ाने से द्वेष और ईर्ष्या के भाव समाप्त हो जाते हैं। सोमवार और प्रदोष पूजन के दौरान इस फूल को शिवजी में जरूर चढ़ाएं।
शमी के फूल
शमी के पत्ते के अलावा इसके फूल (शमी पेड़) भी भगवान शिव को बेहद प्रिय है। शिव पूजन के दौरान अगर आपको शमी के फूल उपलब्ध हैं, तो इसे जरूर चढ़ाएं। गुलाबी और पीले रंग का यह खूबसूरत फूल शिवलिंग पर चढ़ाने से भगवान प्रसन्न होते हैं।