जीवन बदलने वाली दिनचर्या, श्री प्रेमानंद जी महाराज का संदेश, ऐसे मिलेगा सच्चा प्रेम और शांति

Religious Inspiration By Shri Premanand Ji Maharaj: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति सुकून, प्रेम और स्थायी खुशी की तलाश में है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि असली आनंद किस रास्ते से मिलता है?
Life-changing routine, message from Shri Premananda Ji Maharaj, this is how you will find true love and peace
Shri Premanand Ji Maharaj (Source. Pinterest)
Published on
Updated on

Path Of Devotion: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति सुकून, प्रेम और स्थायी खुशी की तलाश में है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि असली आनंद किस रास्ते से मिलता है? श्री प्रेमानंद जी महाराज का कहना है कि यदि आप ईश्वर के सच्चे प्रेम को पाना चाहते हैं, तो उसकी शुरुआत "नाम जप' से होती है। यही वह साधना है जो जीवन को भीतर से बदल देती है।

साधना की नींव: सत्संग और नाम जप

श्री प्रेमानंद जी महाराज बताते हैं कि निरंतर भगवान के नाम का स्मरण ही भक्ति का सार है। लेकिन यह निरंतरता तभी संभव है, जब साधक संतों की संगति यानी सत्संग में रहे। बिना सत्संग के भक्ति गहराई नहीं पकड़ती। एक सच्चे साधक के हृदय में केवल एक ही संबंध होना चाहिए ईश्वर से। जैसे मीरा बाई ने कहा था, "मेरे तो गिरिधर गोपाल, दूसरों न कोई"। जब मन में केवल प्रभु का स्थान होगा, तभी प्रेम स्थायी बनेगा।

निंदा: भक्ति का सबसे बड़ा शत्रु

आध्यात्मिक मार्ग में सबसे बड़ा बाधक है निंदा। किसी की बुराई करना या सुनना, दोनों ही हानिकारक हैं। दूसरों के दोषों की चर्चा करते ही वही दोष हमारे भीतर प्रवेश करने लगते हैं। इसलिए यदि बोलना है तो भगवान की महिमा बोलें, और यदि सुनना है तो उनकी कथा सुनें।

इंद्रियों पर अनुशासन जरूरी

एक साधक को अपनी इंद्रियों पर विशेष नियंत्रण रखना चाहिए।

  • तकनीक का जाल: मोबाइल फोन का उपयोग केवल आध्यात्मिक कथा या ज्ञान के लिए करें। अन्यथा यह मन को भटकाकर वैराग्य को कमजोर कर सकता है।
  • भोजन और वस्त्र: स्वादिष्ट और तामसिक भोजन से बचें। सादा और हल्का भोजन मन को शांत रखता है। दिखावे वाले महंगे कपड़ों के बजाय सादगी अपनाएं। सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर नहीं, आंतरिक विनम्रता से प्रकट होती है।
  • सम्मान से दूरी: यदि कोई सम्मान दे, तो उसे अपने गुरु या ईश्वर को समर्पित करें। सम्मान स्वीकार करने से अहंकार बढ़ता है और अहंकार भक्ति का सबसे बड़ा शत्रु है।

हर क्षण प्रभु स्मरण

सच्चा कुशल-क्षेम वही है, जब आपके होंठों पर हर समय भगवान का नाम हो। चाहे भोजन करें, स्नान करें या चलें नाम जप की डोर टूटनी नहीं चाहिए। साथ ही, सेवा भी निष्कपट भाव से करें। दिखावे की भक्ति ईश्वर को दूर कर देती है।

वैराग्य का आदर्श उदाहरण

रघुनाथ दास गोस्वामी का जीवन सच्चे वैराग्य का प्रतीक है। उन्होंने अपार धन-संपत्ति त्यागकर साधारण जीवन अपनाया। उनका उद्देश्य केवल नाम जप और भक्ति का अमृत पाना था। यही सादगी और समर्पण उन्हें आध्यात्मिक ऊंचाई तक ले गया। यदि आप भी जीवन में सच्ची शांति और प्रेम चाहते हैं, तो नाम जप, सत्संग और सादगी को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाइए। यही मार्ग आपको भीतर से मजबूत और संतुष्ट बनाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com