

Janmashtami 2026 Date: हर बार जन्माष्टमी को लेकर लोगों के मन में सवाल आता है कि जन्माष्टमी कब है? इस बार भी अलग-अलग पंचांग और परंपराओं के आधार पर जन्माष्टमी 3 सितंबर या 4 सितंबर को मनाए जाने को लेकर कंफ्यूजन है। दरअसल, जन्माष्टमी हर बार दो दिन मनाई जाती है। एक दिन वैष्णव जन के लिए और एक दिन आम लोगों के लिए निर्धारित होता है।
पंचांग गणनाओं के अनुसार, अधिकांश भारत में कृष्ण जन्माष्टमी 3 सितंबर 2026, गुरुवार को मनाई जाएगी। वहीं वैष्णव और इस्कॉन परंपरा का पालन करने वाले कई भक्त 4 सितंबर 2026 यानी शुक्रवार को जन्माष्टमी मनाएंगे।
भगवान कृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और मध्यरात्रि में हुआ माना जाता है। हिंदू पंचांग में तिथि सूर्योदय से सूर्यास्त के सामान्य कैलेंडर की तरह तय नहीं होती। अष्टमी तिथि जिस समय शुरू और समाप्त होती है तथा जन्म के समय यानी मध्यरात्रि से उसका संबंध किस दिन बनता है, यह निर्धारित नहीं होता है। इसी आधार पर अलग-अलग परंपराओं में जन्माष्टमी की तारीख तय होती है।
इसी वजह से कुछ वर्षों में जन्माष्टमी दो अलग-अलग तारीखों पर दिखाई देती है। अलग-अलग संप्रदायों और धार्मिक परंपराओं के अपने नियम भी होते हैं।
जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार श्रीकृष्ण ने मथुरा में देवकी और वासुदेव के पुत्र के रूप में जन्म लिया। उनके मामा कंस का अत्याचार बढ़ने पर कृष्ण के जन्म को अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना के रूप में देखा जाता है। कृष्ण के जन्म की कथा में आधी रात का विशेष महत्व है। इसी कारण जन्माष्टमी की पूजा और जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन रात के 12 बजे से किया जाता है।
जन्माष्टमी के दिन भक्त भगवान कृष्ण के लिए व्रत रखते हैं और दिनभर पूजा-पाठ करते हैं। कई भक्त मध्यरात्रि तक जागरण करते हैं। आधी रात के समय कृष्ण जन्म का उत्सव मनाते है, बाल गोपाल को जल व पंचामृत से स्नान कराया जाता है, नए वस्त्र पहनाए जाते हैं और उन्हें झूले में विराजमान किया जाता है। इसके बाद श्रीकृष्ण की आरती और भोग लगाया जाता है। कई घरों और मंदिरों में फूलों से सजावट, झांकी, भजन और कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
जन्माष्टमी के अगले दिन कई जगह पर दही हांडी का आयोजन होता है। खासतौर पर महाराष्ट्र में यह परंपरा बेहद लोकप्रिय है। इसमें ऊंचाई पर लटकी मटकी को मानव पिरामिड बनाकर फोड़ा जाता है। यह परंपरा बाल कृष्ण की माखन चोरी की लीलाओं को दर्शाने के लिए किया जाता है।
पंचांग के अनुसार भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 4 सितंबर को रात 2 बजकर 25 मिनट पर शुरू होगी और 5 सितंबर को रात 12 बजकर 13 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार, 4 सितंबर को पूरे दिन अष्टमी तिथि रहेगी। वहीं इस दिन रोहिणी नक्षत्र रात 11 बजकर 04 मिनट तक रहेगा।