Amla Navami 2026: आंवला नवमी पर आंवले के पेड़ों की तलाश, गूगल मैप्स और सोशल मीडिया का सहारा ले रहे श्रद्धालु

Amla Tree Near Me: अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। शहरों में आंवले के पेड़ों की कमी के बीच श्रद्धालु पूजा के लिए गूगल मैप्स, व्हाट्सएप और फेसबुक ग्रुप्स की मदद ले रहे हैं।
Amla Tree Worship On Amla Navami 2026
अक्षय नवमी का पर्व(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा।

  • आंवले के पेड़ की पूजा और उसके नीचे भोजन करने की है परंपरा।

  • महानगरों में पेड़ों की तलाश के लिए गूगल मैप्स का सहारा ले रहे श्रद्धालु।

  • व्हाट्सएप और फेसबुक के प्लांट ग्रुप्स में मांगी जा रही जानकारी।

  • बालकनी और छत पर गमलों में आंवले के पौधे लगाने का बढ़ रहा चलन।

Amla Tree On Google Maps: तेजी से बढ़ते शहरीकरण और ऊंची इमारतों के साथ अब हरियाली भी लगातार सिमटती जा रही है। जहां एक तरफ पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों को निभाना भी लोगों के लिए चुनौती बनता जा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले अक्षय नवमी यानी आंवला नवमी के पर्व पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। आंवले के पेड़ की पूजा और उसकी छांव में बैठकर भोजन करने की परंपरा निभाने के लिए अब महानगरों में बसे श्रद्धालु गूगल मैप्स, व्हाट्सएप और फेसबुक ग्रुप्स का सहारा ले रहे हैं।

18 नवंबर को मनाई जाएगी अक्षय नवमी

साल 2026 में अक्षय नवमी का पर्व 18 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि 18 नवंबर को सुबह 6 बजकर 4 मिनट से शुरू होकर 19 नवंबर को सुबह 7 बजकर 5 मिनट तक रहेगी। 18 नवंबर को उदयव्यापिनी नवमी तिथि होने के कारण इसी दिन अक्षय नवमी का व्रत और पूजन किया जाएगा।

Amla Tree Worship On Amla Navami 2026
विवाह सीजन 2026: शुक्र-गुरु की शुभ स्थिति से इन राशियों के बनेंगे शादी के योग, जानें कौन-सी जोड़ियां हैं खास

आंवले के पेड़ की पूजा का है विशेष महत्व

बता दें कि हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा के साथ आंवले के पेड़ की पूजा करने की भी परंपरा है। मान्यता है कि आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए श्रद्धालु पेड़ के नीचे पूजा-पाठ करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। कई स्थानों पर पेड़ के नीचे भोजन बनाने और परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण करने की भी परंपरा है।

शहरों में आंवले के पेड़ खोजने के लिए गूगल मैप्स का सहारा

काफी समय पहले मोहल्लों, बगीचों और खुले मैदानों में आंवले के पेड़ आसानी से मिल जाते थे, गांवो में तो अब भी यह परंपरा बरकरार है, लेकिन अब शहरीकरण के कारण इनकी संख्या सीमित होती जा रही है। महानगरों में रहने वाले श्रद्धालु अक्षय नवमी से एक-दो दिन पहले ही गूगल मैप्स पर हर्बल पार्क, बॉटैनिकल गार्डन और आसपास के बड़े पार्कों की जानकारी जुटाने में लग जाते हैं। लोग यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि किस पार्क या सार्वजनिक स्थान पर आंवले का पेड़ मौजूद है, जहां वे अपनी पूजा कर सके और आंवले की पेड़ के नीचे भोजन करने की परंपरा निभा सके।

Amla Tree Worship On Amla Navami 2026
Gopashtami 2026: गोपाष्टमी पर गाय को क्या खिलाएं? जानें 5 शुभ चीजें और उनका महत्व

व्हाट्सएप और फेसबुक प्लांट ग्रुप्स पर पूछ रहे सवाल

आंवले के पेड़ की तलाश में सोशल मीडिया पर भी साफ दिख रही है। स्थानीय प्लांट लवर्स व्हाट्सएप ग्रुप्स में आसपास के पार्कों और सोसायटियों में लगे आंवले के पेड़ों की जानकारी मांग रहे हैं। इतना ही नहीं फेसबुक पर भी लोग एक-दूसरे से पेड़ की उपलब्धता और पूजा के लिए उपयुक्त स्थानों के बारे में पूछ रहे हैं।

गमलों में उगा रहे आंवले के पौधे

अपार्टमेंट और फ्लैट में रहने वाले परिवारों के सामने जगह की कमी एक बड़ी समस्या है। ऐसे में कुछ लोग अपनी बालकनी और छत पर बड़े गमलों में आंवले के पौधे लगा रहे हैं। जिससे वे घर पर ही आंवला नवमी की पूजा कर सके और अपनी धार्मिक परंपरा निभा सके। पौधों को घर में लगाने का यह चलन धार्मिक परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण की सोच को भी बढ़ावा दे रहा है।

धार्मिक परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शहरों में आंवले के पेड़ों की तलाश के माध्यम से एक सकारात्मक पहलू भी सामने आ रहा है। लोगों को आसपास हरियाली और औषधीय महत्व वाले पेड़ों की कमी का एहसास हो रहा है। कई सामाजिक संस्थाएं और मंदिर समितियां अक्षय नवमी के अवसर पर आंवले के पौधे वितरित कर रही हैं। साथ ही पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे में आंवला नवमी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और पर्यावरण को बचाने का संदेश भी देता है।