

Primary School Running In Cowshed Sanganer: जयपुर के सांगानेर ब्लॉक में स्थित एक सरकारी प्राइमरी स्कूल को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी भारी विवाद के बाद आखिरकार राजस्थान सरकार को झुकना पड़ा है। भैंसों के बाड़े (गोशाला परिसर) में चल रहे इस जर्जर स्कूल के नए भवन निर्माण के लिए सरकार ने 18 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। इसे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) ने अपने कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर हमलों के बीच एक बड़ी जीत बताया है।
जयपुर के सांगानेर ब्लॉक के रामपुरा (कंवरपुरा) में स्थित यह सरकारी प्राइमरी स्कूल साल 1985 में शुरू हुआ था। शुरुआत में इस स्कूल की बिल्डिंग में दो क्लासरूम, एक बरामदा और एक टॉयलेट था। लेकिन समय के साथ इमारत इतनी जर्जर और कमजोर हो गई कि सितंबर 2025 में तकनीकी सर्वे के बाद इसे बंद कर दिया गया।
प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें पास के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल, बिलवा में शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, ग्रामीणों ने छोटे बच्चों को इतनी दूर भेजने और आने-जाने की परेशानी को लेकर आपत्ति जताई। स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए गांव में ही तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की गई और ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल को गोशाला परिसर (भैंसों के बाड़े) में दो कमरों और टिन शेड के नीचे अस्थाई रूप से शुरू किया गया। फिलहाल इस स्कूल में 18 छात्र और दो शिक्षक हैं।
यह स्कूल तब देशव्यापी चर्चा और बड़े राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया, जब स्कूल की बदहाली का मुद्दा उठाने पहुंची 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रतिनिधिमंडल पर कुछ लोगों ने बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया। इस कथित हमले के बाद राजस्थान का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजस्थान सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर अगले 48 घंटों के भीतर स्कूल की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तथा हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे जयपुर आकर जंतर-मंतर जैसा बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बढ़ते हंगामे और चौतरफा दबाव के बीच राजस्थान सरकार ने शनिवार को स्कूल के नए भवन के लिए कुल 18 लाख रुपये के फंड की वित्तीय मंजूरी जारी कर दी है। इस राशि में से 12 लाख रुपये 'डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट फंड' से 13 अगस्त 2026 को ही मंजूर किए गए थे, जबकि बाकी के 6 लाख रुपये एमएलए (MLA) फंड से जारी किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस नए स्कूल भवन का निर्माण कार्य आगामी 1 सितंबर से शुरू होने जा रहा है।
इस फैसले के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने खुशी जाहिर की है। दीपके ने अपने वॉलंटियर्स को बधाई देते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर हुए हमले के बाद आखिरकार सरकार इस स्कूल के नवीनीकरण के लिए सहमत हो गई है। उन्होंने इसे बेहतर स्कूलों के लिए खड़े होने वाले सभी लोगों की बड़ी जीत करार दिया।
नया भवन बनने तक बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों के सहयोग से एक और सकारात्मक कदम उठाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए दो कमरों और बरामदे वाली एक अधिक आरामदायक और सुरक्षित वैकल्पिक इमारत उपलब्ध कराई है, जहां से फिलहाल स्कूल सुचारू रूप से चल रहा है।