12 घंटे में राजस्थान में दूसरा बड़ा हादसा, जयपुर में बेकाबू डंपर ने कई लोगों को रौंदा, 10 की मौत

Jaipur Road Accident News: जयपुर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को दहला दिया। हरमाड़ा इलाके के लोहा मंडी क्षेत्र में एक बेकाबू डंपर ने एक के बाद एक 10 गाड़ियों को टक्कर मार दी।
jaipur Road Accident
12 घंटे में राजस्थान में दूसरा बड़ा हादसा, जयपुर में बेकाबू डंपर ने कई लोगों को रौंदा, 10 की मौत
Published on
Updated on

Rajasthan Accident News: राजस्थान में 12 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा हादसा हो गया है। रविवार देर रात सड़क दुर्घटना में 15 लोगों की मौत के बाद सोमवार दोपहर जयपुर में एक डंपर मौत का कारण बन गया। जयपुर के लोहा मंडी इलाके में डंपर कई वाहनों पर चढ़ गया। डंपर एक के बाद एक कई गाड़ियों को रौंदता गया, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए। अब तक करीब 6 लोगों की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

बता दें कि यह हादसा हरमाड़ा के लोहा मंडी क्षेत्र में दोपहर लगभग 1 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार डंपर लोहा मंडी पेट्रोल पंप की तरफ से रोड नंबर 14 हाईवे पर चढ़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान अचानक डंपर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वो अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ पड़ा। ओवर स्पीड में दौड़ते हुए डंपर ने रास्ते में आई कार, बाइक और ऑटो रिक्शा सहित कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। कुछ वाहन तो इस हादसे में बुरी तरह पिचक गए कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया। हादसे के बाद का दृश्य दिल दहला देने वाला था। सड़क पर तरफ खून फैला हुआ था, वाहन क्षत-विक्षत पड़े थे और शव बिखरे हुए नजर आ रहे थे।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई बाइक सवार डंपर के नीचे कुचल गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को कांवटिया अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखवाया गया।

हरमाड़ा थाना पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा डंपर का ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। ड्राइवर ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन स्पीड अधिक होने के कारण उसने नियंत्रण खो दिया तथा डंपर लगातार कई वाहनों से टकराता चला गया।

फिलहाल चालक को पुलिस ने हिरासत में लिय़ा है और पूछताछ कर रही है। पुलिस ने डंपर को भी घटनास्थल से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जिससे यातायात सामान्य हो सके। हादसे की वजह से रोड नंबर 14 और आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया है। पुलिस ने तुरंत यातायात डायवर्ट कर वाहनों को अन्य मार्गों से निकालना शुरू किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com