तेलंगाना में बड़ा हादसा, बस और डंपर की टक्कर में 20 लोगों की मौत; कई गंभीर रूप से घायल

Telangana Road Accident: मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार अधिकांश यात्री कॉलेज के छात्र थे, जो रविवार को घर पर छुट्टी मनाने के बाद हैदराबाद में अपने कॉलेजों में लौट रहे थे।
Telangana Bus Accident
हादसे की तस्वीर, (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Telangana Bus Accident: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में हैदराबाद-बीजापुर नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ी घटना हुई। जहां, गिट्टी से लदे एक डंपर ने आरटीसी बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस बस सवार 20 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, बस तंदूर से हैदराबाद जा रही थी। घटना के समय बस में कुल 70 से अधिक यात्री सवार थे।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार अधिकांश यात्री कॉलेज के छात्र थे, जो रविवार को घर पर छुट्टी मनाने के बाद हैदराबाद में अपने कॉलेजों में लौट रहे थे। रंगारेड्डी में चेवेल्ला पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खानपुर गेट के पास तेज रफ्तार डंपर के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और बस को टक्कर मार दी।

यात्रियों के ऊपर गिरी डंपर में लदी गिट्टी

दोनों वाहन के बीच हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डंपर पर लदी गिट्टी बस के अंदर यात्रियों के ऊपर गिर गई। इससे लोग गिट्टी के नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गिट्टी के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

हादसे के बाद हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर जाम

हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस दुर्घटना के बाद हैदराबाद-बीजापुर हाईवे पर भीषण जाम लग गया। चेवेल्ला-विकाराबाद रूट पर वाहनों को रोके जाने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस स्थिति को काबू करने और यातायात को डायवर्ट करने की कोशिश कर रही है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने दुख जताया

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और आवश्यक राहत उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया कि दुर्घटना का पूरा विवरण समय-समय पर सूचित किया जाए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने CS और DGP को बस दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत हैदराबाद पहुंचाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा प्रदान करने की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। सीएम ने उपलब्ध मंत्रियों को तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचने को कहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com