मैं BJP का कार्यकर्ता हूं… नाम वापस लेने के बाद अभिषेक बंटी का बड़ा ऐलान, कहा- पार्टी के लिए पूरी ताकत लगाऊंगा

Bihar Politics: भाजपा के पूर्व उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि वह पार्टी के फैसले के साथ हैं और बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत के लिए पूरी ताकत से प्रचार करेंगे।
I am a BJP worker… Abhishek Bunty makes a big announcement after withdrawing his nomination, saying, “I will put all my strength into the party’s service.”
अभिषेक कुमार बंटी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

NDA Bankipur Bypoll Abhishek Kumar Bunty: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का टिकट वापस होने के बाद पूर्व उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। मीडिया से बातचीत में बंटी ने कहा कि वह जीवनभर भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और आगे भी संगठन के निर्देशों के अनुसार कार्य करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व के फैसले का वह पूरा सम्मान करते हैं और अब एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे।

बंटी ने कहा कि वह बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में मतदाताओं के बीच जाकर भाजपा और एनडीए के पक्ष में समर्थन जुटाएंगे। उन्होंने अपने पिता से जुड़े पुराने विवाद पर भी सफाई देते हुए कहा कि उस समय उनकी उम्र केवल 12 वर्ष थी और पिछले 26 वर्षों से वह लगातार पार्टी की सेवा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें संगठन के लिए लगातार काम करते रहने का संदेश मिला है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पहले बंटी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके नामांकन के 24 घंटे के भीतर उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया, जिसके बाद नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया।

नीरज सिन्हा के लिए करेंगे प्रचार

अभिषेक कुमार बंटा ने कहा कि, "मैं भाजपा का बूथ स्तर का कार्यकर्ता हूं और कार्यकर्ता के रूप में निरंतर पार्टी की सेवा करता रहूंगा। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो फैसला लिया है, मैं उसके पूर्णतः साथ हूं। नीरज सिन्हा को जिताने के लिए मैं पूरा काम करूंगा।"

नामांकन वापसी के बाद पहली प्रतिक्रिया

उन्होंने आगे कहा कि एनडीए के प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत के लिए मैं लगातार मेहनत करूंगा और हर जगह जाकर मतदाता भाइयों और बहनों को आग्रह करूंगा कि अपने एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाना है। मैं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में जो आगे काम पार्टी ने तय किया है, वो काम लगातार करूंगा, क्योंकि मैं कार्यकर्ता हूं। आगे कार्यकर्ता के भाव से काम करूंगा।

26 साल की संगठन सेवा का जिक्र

पिता से जुड़े पुराने विवाद पर अभिषेक कुमार बंटी ने स्पष्ट किया, “उस समय मैं बहुत छोटा था, सिर्फ 12 साल का था। अब मैं 26 वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। पार्टी जो भी दायित्व देगी, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा और जनता के बीच काम करता रहूंगा।”

नितिन नवीन से मुलाकात का खुलासा

अभिषेक कुमार बंटी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ हुई मुलाकात पर कहा कि मुलाकात हो गई। अध्यक्ष जी बोले कि आप हमेशा काम करते हैं और आपको काम करना है, कहीं दिक्कत नहीं है। हम लोग, क्योंकि हम लगातार 26 वर्षों से, मेरा भी अनुभव है, एक बूथ लेवल के कार्यकर्ता थे और कहीं न कहीं पार्टी ने मुझे बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी थी। मैं पार्टी के लिए हमेशा उनके विश्वास पर खरा उतरूंगा।

पारिवारिक कारणों से छोड़ी उम्मीदवारी

उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा पार्टी के प्रति वफादार रहेंगे और संगठन की हर जिम्मेदारी निभाते हुए जनसेवा में लगे रहेंगे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार बंटी को उम्मीदवार घोषित किया था। बंटी ने नामांकन भी दाखिल कर दिया था। लेकिन, 24 घंटे के भीतर उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया। उन्होंने इसके पीछे परिवारिक कारण बताया। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया।

30 जुलाई को होगा मतदान

निरज कुमार सिन्हा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में 13 जुलाई को नामांकन दाखिल कर दिया है। इस सीट से जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी नामांकन दाखिल किया है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर 30 जुलाई को मतदान होंगे। इसके बाद 3 अगस्त को नतीजों की घोषणा की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com