चुनावी हलफनामे से खुला प्रशांत किशोर की दौलत का राज, जानिए कितनी है नेटवर्थ और कहां-कहां है संपत्ति

Prashant Kishor Net Worth: प्रशांत किशोर ने चुनावी हलफनामे में 198 करोड़ रुपये की पारिवारिक संपत्ति, 5.77 करोड़ के बैंक लोन, 8 लंबित आपराधिक मामलों और जन सुराज को मिले चंदे का खुलासा किया।
prashant kishor on bankipur by-election
प्रशांत किशोर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Prashant Kishor Affidavit: जन सुराज के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति और आय से जुड़ी कई अहम जानकारियां सार्वजनिक की हैं। हलफनामे के अनुसार, 49 वर्षीय प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी जाह्नवी दास की कुल संपत्ति करीब 198 करोड़ रुपये है। इसमें प्रशांत किशोर के पास लगभग 96 करोड़ रुपये, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 112 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है।

हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने बैंक से 5.77 करोड़ रुपये का कर्ज भी लिया है। उनकी 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 73 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी के पास लगभग 89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। दस्तावेजों के अनुसार, जाह्नवी दास ने प्रशांत किशोर को 41 लाख रुपये दिए हैं। इसके अलावा प्रशांत किशोर ने अपनी कंपनी वेधा वेंचर्स को 8.31 करोड़ रुपये का ऋण भी दिया है।

गुवाहाटी से नोएडा और दिल्ली तक संपत्ति

प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास देश के कई शहरों में अचल संपत्तियां हैं। उनकी पत्नी, जो पेशे से डॉक्टर हैं, के पास गुवाहाटी में दो फ्लैट, एक बंगले में एक-तिहाई हिस्सेदारी और नोएडा में भी संपत्ति है। वहीं प्रशांत किशोर के पास गाजियाबाद में दो फ्लैट, दो अन्य फ्लैटों में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी, पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी, दिल्ली के वसंत विहार में प्लॉट तथा बक्सर और पैतृक गांव में भी संपत्ति है।

शिक्षा और कानूनी मामले

हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर ने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीबीए किया है। इसके बाद उन्होंने ACSI, हैदराबाद से मास्टर्स इन हेल्थकेयर मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की। साथ ही उन्होंने फ्रेंच भाषा का कोर्स भी किया है। उनके खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मानहानि, सरकारी कार्य में बाधा और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं। हालांकि, हलफनामे के अनुसार, किसी भी मामले में अभी तक आरोप तय (चार्ज फ्रेम) नहीं हुए हैं।

जन सुराज को करोड़ों का चंदा

हलफनामे में यह भी बताया गया है कि प्रशांत किशोर की कंपनी वेधा वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2024-25 में जन सुराज को 85 करोड़ रुपये का चंदा दिया। इसके अलावा जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख रुपये और जॉय ऑफ गिविंग संस्था को वित्त वर्ष 2023-24 में 2.75 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया।

नामांकन के दौरान परिवार भी रहा साथ

नामांकन दाखिल करने के दौरान प्रशांत किशोर बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ स्काउट एंड गाइड मैदान से कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उनकी पत्नी जाह्नवी दास, बेटे क्षितिज और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। नामांकन के बाद उन्होंने कहा, "यह सिर्फ मेरा नामांकन नहीं है, बल्कि बिहार के बदलते राजनीतिक भविष्य का नामांकन है। यह बेहतर बिहार की उम्मीद और आपराधिक प्रवृत्ति की राजनीति को खत्म करने का संकल्प है।"

Navbharat Live
navbharatlive.com