

Punjab BJP President Ravneet Singh Bittu: बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब में 'डबल इंजन वाली सरकार' बनाने की तैयारी है।
केवल सिंह ढिल्लों के भाजपा पंजाब अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने पर केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि आज भाजपा और पंजाब के लिए बहुत खुशी का दिन है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सुनील जाखड़ का कार्यकाल पूरा हो चुका है इसलिए अब मालवा क्षेत्र से आने वाले सरदार केवल सिंह ढिल्लों को भाजपा के मिशन पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है। पंजाब की वर्तमान सरकार ने मालवा क्षेत्र के लिए कोई काम नहीं किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने आगे कहा कि पंजाब में विधानसभा चुनाव में अब बस चार महीने बचे हैं। ऐसे में केवल सिंह ढिल्लों और हमने विधानसभा जाने की पूरी तैयारी कर ली है। इस बार पंजाब में डबल इंजन की सरकार लाएंगे और जनता को खुशहाल करेंगे। मेरा मन है कि पंजाब विधानसभा में आकर यहां के लिए काम करें। कमल हमारा प्रतीक है। कमल तो पहले से ही खिला हुआ है लेकिन अब इसे पंजाब में भी खिलाना बाकी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को पंजाब की जनता का ज़बरदस्त समर्थन मिल रहा है। पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद दे रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब आर्थिक संकट से जूझ रहा है, नशे की समस्या से पूरा राज्य प्रभावित है.. माफियाओं के दबदबे से लोग परेशान है। गुंडागर्दी और जबरन वसूली से बुरी तरह प्रभावित राज्य को अब मुक्त कराना है। पंजाब की जनता को जंगल राज से अगर कोई मुक्त करा सकता है, तो सिर्फ नरेंद्र मोदी की डबल इंजन वाली सरकार है।
तरुण चुघ ने बंगााल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को जिहादी मानसिकता की ओर धकेल दिया था जिसके कारण पूरा राज्य पिछने 15 सालों से हिंसा का शिकार हुआ, अशांति की आग से जल उठा। जिसका परिणाम सबके सामने है...जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया। जनता ने अपने वोट की शक्ति से ममता और उनकी क्रूर, तानाशाही को करारा जवाब दिया। बौखालाई हुई ममता दीदी अपनी हार स्वीकार नही कर पाई और अब भाजपा पर ही आरोप लगा रही हैं।