'10,000 की आबादी में सम्मान ले रहे, उतने तो JCB...', PM मोदी पर CM मान का तंज

Bhagwant Mann on PM Modi: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच देशों की यात्रा के दौरान उन्हें मिले सर्वोच्च सम्मान पर तंज कसा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
भगवंत मान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों और इस दौरान उनको मिले कई देशों के सर्वोच्च सम्मान पर तंज कसा है। चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम घाना गए हैं, कहां गए हैं? पता नहीं कौन-कौन से देश मैग्नीशिया, गलवेशिया, तरवेशिया, पता नहीं कहां-कहां जा रहे हैं।

10 हजार तो जेसीबी देखने के लिए आ जाते हैं

उन्होंने आगे कहा कि जहां 140 करोड़ लोग रह रहे हैं, वहां रह नहीं रहे और जिस देश में जा रहे हैं उसकी आबादी कितनी है? सिर्फ 10 हजार है और सबसे बड़ा अवॉर्ड वहां का मिल गया। सीएम भगवंत मान ने कहा कि 10 हजार लोग तो जेसीबी देखने के लिए आ जाते हैं यहां। अब क्या मोदी वाले सवाल भी मुझ से ही पूछ लोगे कि उन्होंने ग्यारह सालों में एक भी प्रेस कॉन्फ्रैंस नहीं की, मैं तो रोज करता हूं।

विदेश मंत्रालय ने बताया गैरजिम्मेदाराना

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश यात्राओं की आलोचना वाली टिप्पणी की निंदा की और इसे "गैरजिम्मेदाराना" करार दिया। मान का नाम लिए बिना विदेश मंत्रालय ने कहा कि ‘‘राज्य के एक उच्च पदाधिकारी'' द्वारा की गई उन अनुचित टिप्पणियों से भारत सरकार खुद को अलग करती है, जिसमें मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों की अनदेखी की गई है।

पांच देशों के दौरे पर कसा तंज

मान ने पीएम मोदी की हाल में संपन्न पांच देशों (ब्राजील, घाना, त्रिनिदाद-टोबैगो, अर्जेंटीना और नामीबिया) की यात्रा की आलोचना करने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमने ग्लोबल साउथ के मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों के बारे में राज्य के एक उच्च पदाधिकारी द्वारा की गई कुछ टिप्पणियां देखी हैं।

भारत सरकार इन टिप्पणियों से अलग

जायसवाल ने मान की टिप्पणी पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि "यह टिप्पणियां गैरजिम्मेदाराना और खेदजनक हैं तथा राज्य के किसी पदाधिकारी को शोभा नहीं देतीं।" उन्होंने आगे कहा, "भारत सरकार मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को कमजोर करने वाली ऐसी अनुचित टिप्पणियों से खुद को अलग करती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com