भगवंत मान को मारने की धमकी (Image- Social Media)
Bhagwant Mann Hospitalized: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, उसे दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे ई-मेल में मुख्यमंत्री को लेकर गंभीर और आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। इसमें दावा किया गया है कि उन्हें पोलोनियम जैसे रेडियोएक्टिव पदार्थ से संक्रमित किया गया है और अगर वे बच गए तो उनका हाल पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बेअंत सिंह की चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम हमले में हत्या हुई थी।
पोलोनियम एक अत्यंत दुर्लभ और विषैला रेडियोएक्टिव तत्व माना जाता है। धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अस्पताल परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया है और पांच बम निरोधक दस्ते तैनात किए गए हैं।
मोहाली के एसपी दिलप्रीत सिंह के अनुसार फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट करने की योजना नहीं है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है। फोर्टिस अस्पताल के अलावा मोहाली के 16 स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी मिली है, जिसके बाद एहतियातन छुट्टी कर दी गई।
मुख्यमंत्री रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। सोमवार सुबह उन्हें छुट्टी मिल गई थी और वे मोगा में आम आदमी पार्टी की नशा विरोधी रैली में शामिल हुए, जहां अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। रैली के दौरान तबीयत बिगड़ने पर सोमवार शाम करीब 5 बजे उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक ‘हंटर फार्ले’ नाम से जीमेल आईडी के जरिए भेजे गए ई-मेल में पंजाब को खालिस्तान बताते हुए स्कूल बंद रखने की चेतावनी दी गई है। मेल में तथाकथित ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम भी लिखा गया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में चुनावी टिकट पहले ही बिक गए…राहुल गांधी को भनक तक नहीं लगी, नवजोत कौर का कांग्रेस पर सनसनीखेज आरोप
हालांकि इससे पहले अमृतसर, जालंधर, पटियाला, मोहाली और चंडीगढ़ के कई स्कूलों को भी बम धमकी के ई-मेल मिल चुके हैं, जो बाद में झूठे साबित हुए थे। लेकिन इस बार मुख्यमंत्री का नाम शामिल होने के कारण पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और ई-मेल के स्रोत की जांच की जा रही है।