पंजाब में आप नेता दलजीत राजू के घर पर 25 राउंड फायरिंग, 5 करोड़ मांगी रंगदारी

Punjab News: पंजाब के फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी के नेता के घर पर फायरिंग की जानकारी मिलते ही सदर थाना के एसएचओ कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
25 rounds of firing at AAP leader Daljeet Raju house
आप नेता दलजीत।
Published on
Updated on

AAP leader Daljit Raju: पंजाब के फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी (AAP) एक नेता पर 25 राउंड फायरिंग की गई है। फगवाड़ा राज्य के कपूरथला जिले में निगम क्षेत्र है। बाइक सवार दो दो गैंगस्टरों ने आप नेता दलजीत राजू दरवेश के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की। उन दोनों ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी वाला पत्र भी फेंका। फिर वहां से फरार हो गए।

बता दें, पंजाब में आम आदमी पार्टी की ही सरकार है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान चला रखा है। दलजीत राजू दरवेश को पंजाब सरकार ने युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का को-ऑर्डिनेटर बनाया है। गैंगस्टरों ने इन्हीं दलजीत राजू दरवेश के घर पर आज यानी 27 नवंबर को अंधाधुंध फायरिंग की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

AAP नेता के घर पर हुई इस फायरिंग में घर की दीवारों और दरवाजों पर छेद हो गए। घर में खिड़कियों के कांच टूटे। फायरिंग के बाद बदमाश धमकी भरी चिट्ठी भी फेंककर भाग गए। जानकारी मिलते सदर थाना एसएचओ कृपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह के करीबी हैं दलजीत राजू

जिस दलजीत राजू दरवेश के घर पर आज गोलीबारी हुई, वह फगवाड़ा की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा हैं। दलजीत पहले कांग्रेस से जुड़े हुए थे। वह जिला कपूरथला के प्रधान भी रहे हैं। उन्होंने बाद में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया और वह पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान के नजदीकी माने जाते हैं।

दहशत का माहौल

घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दलजीत राजू के घर की सुरक्षा बढ़ाई है। आसपास के इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह मामला किसी गैंगस्टर गिरोह द्वारा धमकी और वसूली से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

गैंगस्टरों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी

कुछ फुटेज में हमलावरों की बाइक की हल्की झलक दिखाई देने की बात कही जा रही। हालांकि, पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसपी फगवाड़ा ने तुरंत कई पुलिस टीमें गठित की हैं। पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है और गैंगस्टरों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com