एल्विश यादव के घर फायरिंग करने वाले शूटर कर रहे थे बड़े वारदात की तैयारी, दिल्ली पुलिस ने दबोचा

Elvish Yadav Firing Case: गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित यादव के आवास के बाहर 17 अगस्त को मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। सुबह साढ़े पांच बजे हुई घटना के वक्त यादव घर पर नहीं थे।
Delhi Police Elvish Yadav Firing Case
एल्विश यादव के घर फायरिंग करने वाले शूटर गिरफ्तार (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Elvish Yadav News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया–हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों को अरेस्ट किया है। ये दोनों वही बदमाश हैं जो 17 अगस्त, 2025 को यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम वाले मकान पर फायरिंग की वारदात में शामिल थे। 17 अगस्त को सुबह लगभग 5:25 बजे तीन बदमाश बाइक पर आए और दो ने एल्विश यादव के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की। वहीं, तीसरा बाइक पर बैठा रहा। गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया ने बाद में सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। यह मामला गुरुग्राम के थाना सेक्टर-56 में दर्ज हुआ था।

दिल्ली में बड़ी वारदात की थी तैयारी

दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला कि दोनों आरोपी फिर से राजधानी में किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। पहले ये शूटर नेपाल बॉर्डर भागने की कोशिश कर चुके थे लेकिन गैंग लीडर की बात मानकर वापस लौट आए। 24 अगस्त को ACP राहुल कुमार सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर पूरन पंत, रवि तुशीर और ब्रह्म प्रकाश की टीम द्वारा शाहबाद डेयरी, रोहिणी के पास खेरा नहर पर जाल बिछाया गया। दोनों आरोपी वहां पर पहुंचे और पुलिस ने उनको पकड़ने की कोशिश की।

फरीदाबाद के रहने वाले हैं शूटर

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार शूटरों में गौरव सिंह उर्फ निक्का 22 साल का है और फरीदाबाद का रहने वाला है। वो 10वीं पास है और पहले राजस्थान में एक मूर्ति तोड़फोड़ मामले में उसका नाम आ चुका है। दूसरा आरोपी आदित्य तिवारी 19 साल का है और वो भी फरीदाबाद का ही रहने वाला है। मूल रूप से वो बिहार के तैमूर जिले का है और बीसीए का स्टूडेंट। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नीरज फरीदपुरिया–हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करते हैं और उन्हें इस गैंग ने पैसे, हथियार तथा पूरी लॉजिस्टिक सपोर्ट दी थी।

आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

बता दें कि इन दोनों के खिलाफ दिल्ली के स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों तथा फंडिंग करने वालों की तलाश कर रही है। एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के लिए गौरव और आदित्य को 50-50 हजार रुपए मिले थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com