

Big Statement Of Karnataka Congress Committee President B.K. Hariprasad: कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद के एक बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी। गुरुवार बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि जो लोग पद और सत्ता की राजनीति करना चाहते हैं, वे मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ जा सकते हैं। और जो लोग संगठन को मजबूत करना चाहते हैं वे मेरे साथ रहे... उनका स्वागत है।
दरअसल बेंगलुरु में कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर से मुलाकात के बाद अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद मीडिया से बात कर रहे थे। हरिप्रसाद ने कहा कि जो लोग सत्ता और पद चाहते हैं, वे डी.के. शिवकुमार के साथ जा सकते हैं। जो लोग पार्टी को संगठित और मजबूत बनाना चाहते हैं ऐसे इच्छुक कार्यकर्ता मेरे साथ आ सकते हैं। आइए, जिम्मेदारियां बांटकर काम करें और पार्टी को आगे बढ़ाएं। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाता हूं कि मैं हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा।
हरिप्रसाद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन में होने वाले बदलावों को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ताओं के हितों और कल्याण की जिम्मेदारी वह खुद संभालेंगे। सरकार और संगठन में अलग-अलग स्तरों पर काम कर चुके लोगों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
राष्ट्रीय नेतृत्व का जिक्र करते हुए हरिप्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जैसे वरिष्ठ नेता पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे है। अगर हम उनके प्रयासों को और मजबूती देना चाहते हैं, तो हमें भी उनकी तरह सड़कों पर उतरकर जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करना होगा और आंदोलनों में अपनी सक्रिय भागीदारी तय करनी होगी।"
हरिप्रसाद ने यह भी चेतावनी दी कि उनके बयान का कोई दूसरा मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। उनकी टिप्पणी केवल संगठनात्मक जिम्मेदारियों और पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि हर परिस्थिति में वह उनके साथ खड़े रहेंगे और उनके हित व पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को लेकर ही काम करेंगे। जानकारी के मुताबिक उनका यह बयान उन पूर्व मंत्रियों के लिए था जो शिवकुमार सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के लिए सक्रिय रूप से लॉबिंग कर रहे हैं।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने बी.के. हरिप्रसाद के सदाशिवनगर स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) का नया अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। बता दें कि पूर्व में राज्यसभा और कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य रह चुके हरिप्रसाद को कांग्रेस ने नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। हरिप्रसाद बीजेपी और आरएसएस के प्रखर आलोचक हैं।