दिल्ली और बिहार के बाद... हैदराबाद में आग का तांडव, अमीरपेट में धू-धू कर जली तीन मंजिला इमारत; मची अफरा-तफरी

Hyderabad Ameerpet Massive Fire: हैदराबाद के अमीरपेट में एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई है। दिल्ली और बिहार की दुखद घटनाओं के बाद अब हैदराबाद में आग की लपटों ने कोहराम मचाया है।
After Delhi and Bihar... Fire Wreaks Havoc in Hyderabad: Three-Story Building Engulfed in Flames in Ameerpet; Chaos Ensues
हैदराबाद में लगी आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Hyderabad Ameerpet Massive Fire News In Hindi: देश के अलग-अलग हिस्सों से आग लगने की खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली और बिहार के बाद अब तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आग का भीषण तांडव देखने को मिला है। हैदराबाद के व्यस्ततम इलाकों में से एक अमीरपेट में गुरुवार को एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

मेट्रो पिलर के पास मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, आग अमीरपेट के मैत्रीवनम इलाके में स्थित मेट्रो पिलर नंबर A1043 के पास लगी है। आग की शुरुआत 'KSR फैशन्स' नामक प्रतिष्ठान से हुई। इमारत से उठती आग की ऊंची लपटों और आसमान में छाए काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की अन्य इमारतों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और लगातार मशक्कत कर रही हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन का पूरा ध्यान फिलहाल आग को और फैलने से रोकने और इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।

ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप

इस भीषण आग और इमरजेंसी राहत ऑपरेशन के कारण अमीरपेट से SR नगर की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात पूरी तरह से रुक गया है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि वे इस रास्ते पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

देशभर में आग की घटनाओं से चिंता

हैदराबाद की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में दिल्ली-बिहार में आग ने भारी तबाही मचाई है। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली में हुए अग्निकांड में 21 लोगों की जान चली गई थी, वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर में भी आग की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई थी।

इन लगातार हो रही घटनाओं ने शहरी इलाकों में अग्नि सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अमीरपेट जैसे घनी आबादी वाले इलाके में ऐसी घटना सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलती नजर आ रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com