Odisha Nursing Officer Recruitment 2026: 5989 पदों पर निकली भर्ती, नर्सिंग उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका
OSSSC Recruitment : ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (OSSSC) ने 5,989 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। GNM और B.Sc Nursing उम्मीदवार 13 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (फोटो - गूगल इमेज)
Nursing Officer Vacancy : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ओडिशा सब-ऑर्डिनेट स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (OSSSC) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत नर्सिंग ऑफिसर के 5,989 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती राज्य के सभी 30 जिलों में की जाएगी।
ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा या B.Sc Nursing की डिग्री प्राप्त की है, उनके लिए यह सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 जून 2026 से शुरू हो चुकी है।
इच्छुक उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 तक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, जबकि आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
AAI Job Alert: मैनेजर और जूनियर एग्जीक्यूटिव पदों के लिए 8 अगस्त से करें ऑनलाइन आवेदन, 1.80 लाख तक मिलेगी सैलर
IIT जोधपुर ने AI के दौर में नौकरी बचाने के लिए लॉन्च किया अनूठा BS प्रोग्राम, जानें इसके फायदे
AIIMS Kalyani Recruitment 2026: एमबीबीएस पास के लिए जूनियर रेजिडेंट के 84 पदों पर भर्ती, जानें पूरी डिटेल
IIT कानपुर का धमाकेदार ऐलान, अब नौकरी के साथ बनें AI और डेटा साइंस एक्सपर्ट, जानें फीस और आवेदन का प्रोसेस
ओडिशा में 5,989 नर्सिंग ऑफिसर पदों पर भर्ती निकली
भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है। इसके साथ ही उसके पास GNM डिप्लोमा या B.Sc Nursing की डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास ओडिशा नर्सिंग काउंसिल या भारतीय नर्सिंग परिषद (INC) से मान्यता प्राप्त किसी राज्य नर्सिंग काउंसिल का वैध पंजीकरण प्रमाणपत्र भी होना चाहिए।
चूंकि यह जिला कैडर भर्ती है, इसलिए अभ्यर्थी ने कम से कम कक्षा 7वीं या उससे ऊपर की परीक्षा उड़िया भाषा विषय के साथ पास की हो। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा 21 से 38 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं SC, ST, SEBC और महिला उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी।
ये खबर भी पढ़ें : UP School Reopen: कल से खुलेंगे उत्तर प्रदेश के स्कूल, गर्मी की छुट्टियों के बाद फिर लौटेगी पढ़ाई की रौनक
OSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर करें आवेदन
चयनित उम्मीदवारों को ओडिशा संशोधित वेतनमान (ORSP Rules 2017) के पे-मैट्रिक्स लेवल-8 के तहत वेतन दिया जाएगा। इस पद पर शुरुआती बेसिक सैलरी 29,200 रुपये प्रति माह होगी, जो बढ़कर 92,300 रुपये तक पहुंच सकती है। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया में ऑफलाइन OMR आधारित लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन शामिल होगा। परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। उम्मीदवार OSSSC की आधिकारिक वेबसाइट osssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और अंतिम तिथि से पहले अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
