

मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों धमकियां मिलने का सिलसिला काफी जोरों पर है। अब तक कई सेलेब्स को जान की धमकी मिल चुकी है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लिस्ट में अब तक बॉलीवुड के कई स्टार्स शामिल थे। वहीं, अब नेहा कक्कड़ को भी चेतावनी मिली है। नेहा के साथ उनके पति सिंगर रोहनप्रीत सिंह को भी धमकी मिली है। ये धमकी उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो के जरिए मिली है। जानिए पूरा मामला...
नेहा कक्कड़ को ये धमकी बाबा बुड्ढा दल के निहंग मान सिंह अकाली ने दी है। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो जारी करके उन्हें सुधरने की धमकी दी है। उन्होंने कहा अपने पति को पर्दे में रखो और कहा कि आपत्तिजनक हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो में निहंग मान सिंह अकाली कहते हैं, 'तुम लोगों ने पंजाब का बेड़ा गर्क किया हुआ है। थोड़ी शर्म करो। माना तुम स्टार हो, लेकिन उतनी बड़ी सोच भी रखो। तुम बच्चों को क्या सिखा रहे हो।'
वीडियो में उन्होंने आगे कहा, 'इस समय पंजाब में नशे और अभद्रता के 2 दरिया बह रहे हैं। अभद्रता फैलाने वाले कोई और नहीं बल्कि हमारे खुद के सरदार भाई हैं। पर ये असली सरदार नहीं है। ये सब इधर-उधर से आकर सरदार बन गए हैं। जिन्हें पुश्तैनी सरदारी मिली है, वो लोग इसकी अच्छे से इज्जत करते हैं। मुझे सब लाहौर का दरवाजा मानते हैं। बहुत से लोग हमारे रडार पर हैं। हम सबको देख रहे हैं कौन सोशल मीडिया पर गंदा कंटेंट परोस रहा है। सब पर हमारी नजर है। सबको पहले हम प्यार से समझाएंगे, फिर भी समझ ना आए, तो सबक सिखाएंगे। हम जेल चले जाएंगे, पर किसी को समाज में गंदगी नहीं फैलाने देंगे।'
इस वीडियो में बाबा बुड्ढा दल के निहंग मान सिंह अकाली ने नेहा कक्कड़ और उनके पति पर गंदा कंटेंट परोसने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्हें जल्द से जल्द सुधरने की भी चेतावनी दी है।