मंत्री अशोक उईके ने पिलाया आदीवासी छात्र को पानी, यवतमाल में युवाओं से चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित

Ashok Uike Meet Yavatmal Student: यवतमाल में एसटी प्रवर्ग की पद भर्ती समेत विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा आदिवासी विद्यार्थियों व बेरोजगार युवाओं का आंदोलन स्थगित हो गया।
yavatmal tribal youth protest post recruitment stir suspended
यवतमाल आदिवासी आंदोलन(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yavatmal Tribal Protest: विशेष पद भर्ती सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिला परिषद कार्यालय के सामने चल रहा आदिवासी विद्यार्थी एवं बेरोजगार युवाओं का अनिश्चितकालीन आंदोलन आदिवासी विकास मंत्री प्रा. डॉ. अशोक उईके की मध्यस्थता और आर्णी के विधायक प्रा. राजू तोडसाम की मौजूदगी में स्थगित कर दिया गया।

जिला परिषद के शिक्षा, ग्राम विकास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों तथा एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना, वन विभाग आदि में पेसा और गैर-पेसा क्षेत्रों के अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग के पदों की भर्ती की मांग को लेकर विद्यार्थी एवं बेरोजगार युवक आंदोलन कर रहे थे। शासन द्वारा आंदोलन का संज्ञान लेने के बाद आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उईके ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक की थी।

भर्ती प्रक्रिया की अड़चनें दूर करने पर सहमति

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग की पद भर्ती छह माह के भीतर पूरी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद सोमवार (7 सितंबर) को जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित राजस्व भवन में मंत्री डॉ. अशोक उईके, विधायक राजू तोडसाम, जिलाधिकारी विकास मीना, विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों तथा आंदोलनकारी विद्यार्थियों की बैठक हुई। बैठक में आंदोलनकारियों की विभिन्न मांगों को मंजूरी दी गई।

15 सितंबर को होगी अहम बैठक

जिला परिषद के विभिन्न विभागों में अनुसूचित जनजाति प्रवर्ग की भर्ती, रिक्त पदों, समायोजित पदों, बिंदुनामावली, सेवा प्रवेश नियम तथा भर्ती प्रक्रिया में आ रही अड़चनों पर सकारात्मक चर्चा हुई। शासन स्तर की समस्याओं का समाधान करने के लिए 15 सितंबर को राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के सचिवों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मंत्री डॉ. अशोक उईके ने विभाग प्रमुखों को आंदोलनकारियों को भर्ती एवं रिक्त पदों से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

yavatmal tribal youth protest post recruitment stir suspended
ठाणे में DJ विवाद के बीच राज ठाकरे का बड़ा बयान, उत्तर भारतीय संस्कृति पर उठाए सवाल

मांगों पर सकारात्मक चर्चा

बैठक में हुई सकारात्मक चर्चा के बाद आंदोलनकारी विद्यार्थियों एवं युवाओं ने अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद मंत्री डॉ. अशोक उईके ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों एवं बेरोजगार युवाओं से संवाद किया और उनकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए आंदोलन समाप्त कराया। बैठक में सहायक जिलाधिकारी रेवैयाह डोंगरे, उप वनसंरक्षक नवनीत मिश्रा, प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष धोत्रे, निवासी उपजिलाधिकारी अनिरुद्ध बक्षी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com