

Highlights:
यवतमाल पुलिस ने 29 मामलों में जब्त कुल 121.391 किलो गांजा नष्ट किया।
नष्ट किए गए गांजे की कीमत 31 लाख 79 हजार 397 रुपए बताई गई है।
27 नवंबर को बुटीबोरी एमआईडीसी स्थित महाराष्ट्र एन्वायरो पॉवर लिमिटेड में गांजे का भस्मीकरण किया गया।
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अनुमति से ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने पंचों की उपस्थिति में प्रक्रिया पूरी की।
Yavatmal Cannabis Destruction: यवतमाल जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए यवतमाल पुलिस दल ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 29 मामलों में जब्त किया गया कुल 121.391 किलो गांजा नष्ट किया गया। नष्ट किए गए गांजे की कीमत 31 लाख 79 हजार 397 रुपए बताई गई है।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गांजे का नियमानुसार निपटारा किया गया। 27 नवंबर को नागपुर जिले के बुटीबोरी एमआईडीसी परिसर स्थित महाराष्ट्र एन्वायरो पॉवर लिमिटेड में यह प्रक्रिया की गई। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अनुमति से ड्रग डिस्पोजल कमेटी के माध्यम से पंचों की उपस्थिति में जब्त गांजे का नियमानुसार भस्मीकरण किया गया। पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता की अध्यक्षता वाली ड्रग डिस्पोजल कमेटी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात और पुलिस उपअधीक्षक (गृह) राजेशकुमार गाठे कमेटी के सदस्य के रूप में उपस्थित थे। नशीले पदार्थों की समस्या केवल अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
नशे की लत से व्यक्तिगत जीवन के साथ ही पारिवारिक व्यवस्था और सामाजिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में कार्रवाई के साथ-साथ जनजागृति पर भी विशेष जोर देने का संकल्प पुलिस दल ने व्यक्त किया है।
जिले में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस दल ने स्वतंत्र नशा विरोधी दस्ते की स्थापना की है। नागरिकों से अपील की गई है कि उनके परिसर में गांजा अथवा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन या भंडारण होने की जानकारी मिलने पर पुलिस को गोपनीय सूचना दें। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन को सहयोग करने का आह्वान भी किया गया है।