

Yavatmal Medical College Recruitment: स्थानीय वसंतराव नाईक शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल में वर्ग-3 और वर्ग-4 संविदा भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितता, रिक्त पदों तथा स्थानीय पात्र बेरोजगारों को अवसर देने की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने आज सोमवार को शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत उईके से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि 16 जून 2026 को जारी की गई पात्र एवं चयनित उम्मीदवारों की सूची की पुनः जांच की जाए। साथ ही चयनित उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा तथा अन्य आवश्यक पात्रताओं की मूल दस्तावेजों के आधार पर जांच की जाए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, नियमों के विरुद्ध पात्रता या अनुचित लाभ दिए जाने की संभावना होने पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक चयन सूची के आधार पर अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया को स्थगित रखा जाए। साथ ही महाराष्ट्र शासन द्वारा फरवरी 2026 में शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में रिक्त पदों को तत्काल भरने के दिए गए निर्देशों के मद्देनजर जिला अस्पताल के सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने की कार्रवाई करने की मांग भी की गई।
यवतमाल जिले में बड़ी संख्या में शिक्षित, पात्र और अनुभवी बेरोजगार युवक-युवतियां उपलब्ध हैं। इसलिए लागू शासन नियमों में स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता का प्रावधान होने पर उसके अनुसार यवतमाल जिले के पात्र उम्मीदवारों को उचित अवसर दिया जाए, ऐसी भूमिका शहर कांग्रेस कमेटी ने रखी।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि चयन प्रक्रिया में शामिल सभी उम्मीदवारों की आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आरक्षण के नियम, दस्तावेजों की वैधता और लागू शासन नियमों के अनुसार पात्रता की निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पुनः जांच की जाए। रिक्त पदों को शीघ्र भरने के साथ ही पात्र उम्मीदवारों को न्यायसंगत अवसर दिया जाए, ऐसी मांग प्रतिनिधिमंडल ने अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत उईके के समक्ष रखी। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रा. डॉ. बबलू उर्फ अनिल देशमुख, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के सभापति रविभाऊ ढोक, रमेश भिसणकर, राजेंद्र गौतम पाटील, नगरसेवक नईम पहलवान, राजू राजगुरे, छोटू सवाई सहित शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।