Yavatmal: किसानों के हक के लिए कांग्रेस का एल्गार; विधायक मांगुलकर के नेतृत्व में निकाला ट्रैक्टर मोर्चा
Tractor Morcha: यवतमाल में विभिन्न कृषि समस्याओं और ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विधायक बालासाहेब मांगुलकर के नेतृत्व में कांग्रेस ने विशाल ट्रैक्टर मोर्चा निकालकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
- Written By: केतकी मोडक
खाद और ईंधन की कमी को लेकर कांग्रेस का एल्गार (सोर्स - फाईल फोटो)
Farmers Protest Over Shortage Of Fertilizer And Fuel: खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों के सामने खड़ी डीएपी और यूरिया खाद की कृत्रिम किल्लत, नकली खाद-बीज-कीटनाशकों की बढ़ती बिक्री, लंबित फसल बीमा, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें तथा अपर्याप्त और अव्यवस्थित बिजली आपूर्ति जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर मंगलवार को यवतमाल शहर में कांग्रेस पार्टी की ओर से आक्रामक ट्रैक्टर-डबकी मोर्चा निकाला गया।
यह विशाल आंदोलन यवतमाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालासाहेब मांगुलकर के नेतृत्व में तहसील कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी, जिला युवक कांग्रेस तथा कांग्रेस पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और आघाड़ियों द्वारा आयोजित किया गया। मोर्चे की शुरुआत यवतमाल शहर के मेडिकल चौक, दो पंजा परिसर से हुई। इसके बाद लाठीवाला पेट्रोल पंप मार्ग, संविधान चौक, दत्त चौक और महात्मा ज्योतिबा फुले स्मारक परिसर से होते हुए मोर्चा सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा।
ट्रैक्टर, डबकी और जोरदार नारेबाजी के कारण पूरे शहर का ध्यान इस आंदोलन की ओर आकर्षित हुआ।
सम्बंधित ख़बरें
मीरा रोड के बाद घाटकोपर में बवाल, BMC की अनुमति के बिना कुर्बानी पर अड़े लोग, सोसायटी में पहुंची टीम
सेवन हिल्स अस्पताल को निजी हाथों में सौंपने का विरोध, विधायक अमीन पटेल ने बीएमसी कमिश्नर को लिखा पत्र
Yavatmal: प्रेम विवाह के विवाद में रिक्शा चालक की बेरहमी से हत्या; जांब चौफुली पर फुटपाथ पर मिला शव
मीरा रोड में बकरों को लेकर सांप्रदायिक तनाव, बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर हमला, 550 पुलिस तैनात
मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को ज्ञापन
आंदोलन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों को खेती और कृषि कार्यों के लिए कैन में डीजल उपलब्ध कराने, खेती के लिए रात में सिंगल फेज बिजली आपूर्ति नियमित करने, सोयाबीन, कपास और तूर फसलों का लंबित बीमा मंजूर करने, डीएपी और यूरिया खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, नकली खाद-बीज-कीटनाशकों पर सख्त कार्रवाई करने, ईंधन की बढ़ती कीमतें कम करने तथा कृषि उपज को उत्पादन लागत के आधार पर समर्थन मूल्य देने की प्रमुख मांगें रखी गईं।
इस दौरान पूर्व मंत्री शिवाजीराव मोघे ने राज्य सरकार पर किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। वहीं विधायक बालासाहेब मांगुलकर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के मुद्दों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
मोर्चे में प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
इस मोर्चे में तहसील कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रमेश भिसणंकर, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रा. डॉ. बबलू उर्फ अनिल देशमुख, कृषि उत्पन्न बाजार समिति के सभापति रवी ढोक, विरोधी पक्षनेता वैशाली सवाई, स्वाती येंडे, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद बगाडे, राजेंद्र गौतम पाटील, प्रा. पंढरी पाठे, कृष्णा पुसनाके, उत्तमराव खंदारे, जाफर खान, अशोक भूतडा सहित बड़ी संख्या में किसान, युवक और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं पर सरकार ने तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसानों को बैरल में डीजल उपलब्ध कराने की मांग
बाभुलगांव: केंद्र सरकार द्वारा बार-बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की जा रही बढ़ोतरी के विरोध में बाभुलगांव तहसील कांग्रेस कमेटी ने किसानों को बैरल में डीजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। 26 मई को तहसील कांग्रेस कमेटी की ओर से तहसीलदार मीरा पागोरे को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी गईं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि महंगाई से पहले ही आम जनता परेशान है, ऐसे में लगातार ईंधन दरवृद्धि कर सरकार लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
ये भी पढ़े:- रिसर्च में चमके नागपुर यूनिवर्सिटी के MSc छात्र, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान; 19 पेटेंट हासिल
बारिश का मौसम नजदीक होने के कारण खेती के कामों के लिए ट्रैक्टर की आवश्यकता बढ़ गई है, लेकिन पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा किसानों को बैरल में डीजल नहीं दिया जा रहा है। इससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और खेती के काम प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की कि पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश देकर किसानों को बैरल में डीजल उपलब्ध कराया जाए तथा ईंधन दरवृद्धि वापस ली जाए।
इस दौरान तहसील अध्यक्ष मोहन बनकर, युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमेय घोडे, राजेश शा. काटेकर, शाम जगताप, नगर परिषद उपाध्यक्ष मनमोहन भोयर, अतुल गु. देशमुख सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
