यवतमाल के वणी में MD ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश, डेढ़ लाख रुपये का माल जब्त

Yavatmal Drug Racket: वणी में 1.5 लाख रुपये का एमडी ड्रग्स जब्त; कौतुभ मेश्राम गिरफ्तार। आरोपी के तार नागपुर के सप्लायर प्रज्योत उपरे से जुड़े हैं। पुलिस अब ड्रग्स रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश में है।
Drug Racket Arrested In Yavatmal
वानी पुलिस ने ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ किया (सोर्स - फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Drug Racket Arrested In Yavatmal: यवतमाल जिले के वणी शहर में एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के बढ़ते जाल का बड़ा खुलासा हुआ है। महंगे नशे के इस कारोबार में शामिल युवाओं के नेटवर्क को तोड़ने के लिए वणी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेढ़ लाख रुपये के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है।

इस कार्रवाई में सामने आया कनेक्शन अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नवनियुक्त थाना प्रभारी भानुदास पिदूरकर के नेतृत्व में वणी पुलिस अवैध धंधों और नशे के कारोबार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। पदभार संभालने के कुछ ही दिनों में लगातार हो रही कार्रवाई से ड्रग माफियाओं में खलबली मच गई है।

वणी पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 19 जून की रात गणेशपुर रोड क्षेत्र में जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान कौतुभ उर्फ गोलू दिलीप मेश्राम (28) निवासी तेलीफैल, वणी को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 19।27 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1 लाख 34 हजार 890 रुपये बताई गई है। साथ ही 15 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पूछताछ में खुला नागपुर कनेक्शन

कुल 1 लाख 49 हजार 890 रुपये का माल पुलिस ने कब्जे में लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह ड्रग्स उसे प्रज्योत महेश उपरे (27) ने उपलब्ध कराया था, जो वर्तमान में नागपुर जिले में रह रहा है। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 (सी) और 21 (बी) के तहत मामला दर्ज किया है।

वणी पुलिस ने इससे पहले दर्ज मामले में भी बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रज्योत महेश उपरे, अविनाश विजय पाटील और रविंद्र धनराज गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अब जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के पीछे छिपे असली मास्टरमाइंड और सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

पैसे के लालच में फंस रहे युवा

एमडी जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों का बढ़ता चलन युवाओं को अपराध की ओर धकेल सकता है। आसान पैसे की लालच में कई युवक ड्रग्स तस्करी और सप्लाई के जाल में फंसते जा रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ड्रग्स कारोबारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com