यवतमाल में पारिवारिक कलह में बेटे ने डंडे से पिता का सिर फोड़ा, मां ने भी दिया साथ; मौत के बाद ऐसे खुला राज

Yavatmal Crime News: महाराष्ट्र के यवतमाल में घरेलू विवाद के बाद मां और बेटे ने मिलकर 60 वर्षीय गजानन जुमनाके की हत्या कर दी। सीढ़ियों से गिरने का नाटक रचा। पुलिस ने ऐसे खोला राज।
yavatmal Murder News
यवतमाल के इसी घर में हुई हत्याफोटो नवभारत
Updated on

Yavatmal Murder News: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। केलापुर तहसील के मोहदा गांव में मामूली घरेलू विवाद ने इतना खौफनाक रूप ले लिया कि मां और बेटे ने मिलकर परिवार के मुखिया की ही हत्या कर दी। मृतक की पहचान 60 वर्षीय गजानन गुलाबराव जुमनाके के रूप में हुई है, जो मोहदा बस स्टॉप पर साइकिल मरम्मत की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे।

विवाद से शुरू हुई खूनी कहानी

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। गजानन और उनकी पत्नी दुर्गा (50) के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो गई। रात करीब 10 बजे जब उनका बेटा अक्षय (30) घर लौटा, तो मां ने उसे शाम को हुई बहस के बारे में बताया। यह सुनते ही अक्षय आपा खो बैठा और अपने पिता से उलझ पड़ा।

देखते ही देखते बाप-बेटे का यह झगड़ा हिंसक हो गया। गुस्से में अक्षय ने पास पड़ा लकड़ी का भारी डंडा उठाया और अपने पिता गजानन के सिर पर जोरदार वार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पत्नी दुर्गा ने भी दया दिखाने की बजाय पति के साथ मारपीट की। सिर पर गंभीर चोट लगने से गजानन खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

सीढ़ियों से गिरने की रची झूठी कहानी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए एक खौफनाक साजिश रची। उसने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को बताया कि गजानन सीढ़ियों से नीचे गिर गए हैं और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। आनन-फानन में उन्हें यवतमाल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। गजानन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत नागपुर जिले के अस्पताल में रेफर कर दिया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार दोपहर नागपुर में इलाज के दौरान गजानन ने दम तोड़ दिया।

yavatmal Murder News
इस्तीफा दो नहीं तो.. बुलढाणा में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर सरपंच ने दी जान, सुसाइड से पहले बनाए VIDEO ने खोले राज

रिश्तेदार के शक ने खोला खौफनाक राज

गजानन की मौत के बाद उनके भाई को घटना की परिस्थितियों और चोट के निशानों को देखकर संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत यवतमाल पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पांढरकवडा पुलिस एक्शन में आई और जांच शुरू की।

उपविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) रॉबिन बंसल, थानेदार लहुजी तावरे, एपीआई पेंढारकर, जमादार दराडे और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने देर रात तक वारदात स्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बेटे अक्षय और पत्नी दुर्गा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com