

Animal Trafficking Raid In Yavatmal: राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर उन्हें कटाई के लिए ले जाने वाले गिरोह के खिलाफ पांढरकवडा पुलिस ने एक ही दिन में लगातार दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए बहुत बड़ा खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए फिल्मी अंदाज में पीछा किया और दो अलग-अलग 12 चक्का ट्रकों को दबोच लिया। इस पूरी कार्रवाई में लाखों रुपये का माल जब्त किया गया है और अत्यंत अमानवीय परिस्थितियों में बंधक बनाए गए 22 गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। पुलिस के इस बड़े एक्शन से अवैध पशु तस्करों के पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय पांढरकवडा में कार्यरत पुलिस कर्मियों को 20 मई की दोपहर अलग-अलग समय पर हाइवे से अवैध पशु परिवहन किए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक एवं उपविभागीय अधिकारी रॉबिन बंसल के मार्गदर्शन में तुरंत पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं और नाकाबंदी के साथ-साथ पीछा करने की रणनीति बनाई गई।
पहले मामले में पांढरकवडा पुलिस हेड कांस्टेबल रवि सुरेशराव सिंहे को शाम करीब 4:30 बजे सूचना मिली कि टाटा कंपनी का एक 12 चक्का ट्रक (क्रमांक MH-34-AB-9782) अवैध रूप से पशुओं को लेकर जा रहा है। इस आधार पर पुलिस हवालदार महेश नाईक, प्रशांत चौकडे, संजय अभ्यंकर तथा पंचों के साथ कोंगारा क्षेत्र में नागपुर-हैदराबाद मार्ग पर जाल बिछाया गया। संदिग्ध ट्रक को जब रुकने का इशारा किया गया, तो चालक पुलिस को चकमा देकर तेज रफ्तार में वाहन भगा ले गया। पुलिस ने तुरंत निजी वाहन से उसका पीछा किया। चालक ने किन्ही क्षेत्र से यू-टर्न लेकर वापस पांढरकवडा की ओर आने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर मनोराज होटल परिसर में ट्रक को रोक लिया। भागने की कोशिश में ट्रक चालक नीचे गिर गया, जिसे पांढरकवडा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख नौशाद शेख मोहम्मद नवाब (36), निवासी भाजीमंडी, कामठी, नागपुर बताया।
इसी दिन शाम करीब 5 बजे पुलिस हेड कांस्टेबल महेश खुशालराव नाईक को एक और टाटा 12 चक्का ट्रक (क्रमांक MH-34-AV-0368) के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल पिपरी क्षेत्र में नाकाबंदी की। यहां भी चालक ने रुकने के बजाय ट्रक को हैदराबाद मार्ग की ओर दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए पांढरकवडा के 'वाई पॉइंट' क्षेत्र में ट्रक को सफलतापूर्वक रोक लिया।
इस दौरान चालक और उसका साथी कूदकर भागने लगे, जिसमें से एक आरोपी नीचे गिर गया और पकड़ा गया। आरोपी ने अपना नाम अकील अयुब कुरैशी (30), निवासी बंद नवाज नगर, कैसर अस्पताल के पीछे, नागपुर बताया। जब पुलिस ने पंचनामा के दौरान ट्रक की तलाशी ली, तो भीतर का नजारा देखकर सब दंग रह गए। ट्रक के भीतर 22 गोवंशीय नर पशुओं को अत्यंत क्रूरता और अमानवीय तरीके से ठूस-ठूसकर भरा गया था। तस्करों ने पशुओं के पैर और नाक रस्सियों से बेरहमी से बांध रखे थे। पुलिस ने सभी पशुओं को तुरंत मुक्त कराया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।