यवतमाल के महागांव अस्पताल में आधी रात हंगामा, डिस्पेंसरी के कांच तोड़े; डॉक्टर-कर्मचारियों को धमकाने का आरोप

Yavatmal Doctor Threat Case: यवतमाल के महागांव ग्रामीण अस्पताल में इलाज के दौरान विवाद के बाद हंगामा और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। डॉक्टर की शिकायत पर 10-12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
Yavatmal Vandalism Doctor Threat Case
यवतमाल के महागांव ग्रामीण अस्पताल में हंगामा(सोर्स: AI)
Published on: 
Updated on: 

Yavatmal Vandalism Doctor Threat Case: यवतमाल जिले के महागांव के ग्रामीण अस्पताल में इलाज के दौरान हुए विवाद ने 18 अगस्त की रात को गंभीर रूप ले लिया। विवाद के बाद कुछ लोगों ने अस्पताल हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और डॉक्टर तथा कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाया गया है।

इस मामले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीक्षा किशोर मुजमुले ने महागांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 11 बजे घायल शेख इस्त्राईल शेख शाबुद्दीन (30) का ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा था।

इसी दौरान घायल और नर्स पुनम नामदेव कोकरे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शिकायत में बताया गया है कि विवाद के बाद कुछ अज्ञात लोग अस्पताल पहुंचे।

क्या है आरोप?

आरोप है कि विवाद के बाद महागांव के ग्रामीण अस्पताल पहुंचे कुछ लोगों ने परिसर में हंगामा करते हुए डिस्पेंसरी रूम के कांच तोड़ दिए। इस दौरान डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ धमकी भरा व्यवहार किए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई गई है। अचानक हुए हंगामे और तोड़फोड़ से अस्पताल परिसर में भय का माहौल बन गया।

रात के समय हुई इस घटना से ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी भी घबरा गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशिक्षणार्थी कालबांडे को फोन कर तत्काल अस्पताल बुलाया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने घायल शेख इस्त्राईल के साथ मारपीट की।

घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। यवतमाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Yavatmal Vandalism Doctor Threat Case
वर्धा: खेत में काम करने गए मजदूर की करंट लगने से मौत, तार कंपाउंड में छोड़ा था करंट, दो पर केस

इतने लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इस मामले में शेख इस्राईल सहित 10 से 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद ग्रामीण अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा फिर से सामने आया है।

अस्पताल कर्मचारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कर्मचारी आंदोलन की तैयारी में होने की जानकारी सामने आ रही है। यवतमाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com