

Yavatmal Farmers Crop Insurance Pending Amount: यवतमाल जिले के किसानों को लंबित फसल बीमा राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक बालासाहेब मांगुलकर ने बुधवार को मुंबई स्थित विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के किसान लंबे समय से अपने हक के फसल बीमा से वंचित हैं, लेकिन राज्य सरकार इस गंभीर मुद्दे की लगातार अनदेखी कर रही है।
धरने के दौरान विधायक बालासाहेब मांगुलकर ने हाथ में 'यवतमाल जिले के किसानों का फसल बीमा मंजूर करो' लिखी हुई तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। उनके इस आंदोलन से विधानसभा परिसर में कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया।
इस बीच, आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए राज्य के कृषि मंत्री दत्ता भरणे ने वीडियो कॉल के माध्यम से विधायक मांगुलकर से सीधे संवाद किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि यवतमाल जिले के फसल बीमा का मुद्दा अत्यंत गंभीर है और इस विषय पर जल्द ही एक विशेष बैठक आयोजित कर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। कृषि मंत्री ने कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार से भी फोन पर चर्चा कर भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी।
प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद विधायक बालासाहेब मांगुलकर ने विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर चल रहा अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपने वादे के अनुसार जल्द बैठक बुलाकर किसानों का फसल बीमा मंजूर नहीं करती है, तो कांग्रेस आने वाले समय में इस मुद्दे पर और अधिक व्यापक एवं उग्र आंदोलन करेगी।