यवतमाल के उमरखेड़ सहित 3 जिलों में भूकंप के झटके; रिक्टर स्केल पर 4.6 रही तीव्रता, प्रशासन का अलर्ट

Yavatmal Earthquake: यवतमाल के उमरखेड़, हिंगोली और नांदेड़ जिलों में 4.6 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली के वसमत में दीवारों में दरारें आई हैं, जबकि उमरखेड़ में कोई नुकसान नहीं हुआ।
Yavatmal And Nanded Richter Scale 4.6 Earthquake
भूकंप प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yavatmal And Nanded Richter Scale 4.6 Earthquake: यवतमाल जिले के उमरखेड़ तालुका सहित समीपवर्ती हिंगोली और नांदेड़ जिलों में गुरुवार, 9 जुलाई को तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इससे कुछ समय के लिए नागरिकों में भय का माहौल निर्माण हो गया था। हालांकि, उमरखेड़ तहसील में सौभाग्य से किसी भी प्रकार की जनहानि या वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है। राजस्व विभाग के पास इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सूचना दर्ज नहीं होने की प्राथमिक जानकारी गुरुवार शाम को सामने आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरखेड़ क्षेत्र में भूकंप का पहला झटका तड़के 1 बजकर 37 मिनट पर, जबकि दूसरा झटका 2 बजकर 16 मिनट पर महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.6 दर्ज की गई है। वहीं, हिंगोली जिले के वसमत, औंढा नागनाथ, कलमनुरी, सेनगांव तथा नांदेड़ जिले के अर्धापुर क्षेत्र में भी नागरिकों को ये झटके स्पष्ट रूप से महसूस हुए।

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की

गुरुवार तड़के भूकंप के बाद उमरखेड़ तालुका के राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने का आह्वान किया गया है। उमरखेड़ तालुका के राजस्व विभाग की ओर से भूकंप के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने का कार्य जारी है।

वसमत क्षेत्र में दीवारों में दरारें, उमरखेड़ सुरक्षित :

  • इस भूकंप का केंद्र हिंगोली जिले के वसमत तालुका स्थित शिरली गांव के पास जमीन के लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है।
  • भूकंप का केंद्र नजदीक होने के कारण वसमत और कलमनुरी तहसील के कुछ स्थानों पर घरों की दीवारों में दरारें आने की जानकारी सामने आई है।
  • हालांकि, उमरखेड़ में केवल हल्के झटके महसूस हुए और यहां किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com