

Yavatmal College Student Morphed Photos Case: यवतमाल जिले के महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उनके फोटो मॉफिंग कर अश्लील फोटो एवं आपत्तिजनक शब्द सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले आरोपी को यवतमाल शहर पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फरहान अली सुबान अली (24), निवासी शाहपुर, थाना धनपुरा, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
11 जुलाई 2026 को महाविद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर रही एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि red_zone_47 gau।ri।591 और Miss_deveil नामक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से शिकायतकर्ता तथा उसके दोस्तों के फोटो मॉर्फ कर उनके नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग किया गया।
इन फर्जी अकाउंट से अश्लील फोटो और आपत्तिजनक शब्द इंस्टाग्राम जैसे सार्वजनिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए गए। इससे संबंधित विद्यार्थियों की महाविद्यालय में बदनामी हुई। शिकायत के आधार पर यवतमाल शहर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66 (c), 67 और 67 (a) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अमोल कोली के मार्गदर्शन में यवतमाल शहर थाने के पुलिस निरीक्षक निलेश सुरडकर, पुलिस उपनिरीक्षक निलेशकुमार मिश्रा तथा पुलिसकर्मी भरत राठोड, रविंद्र नेवारे और अंकुश फेंडर ने की।
जांच के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम से तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इसके आधार पर फर्जी अकाउंट चलाने वाले आरोपी की पहचान फरहान अली सुबान अली के रूप में हुई। मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया और उत्तर प्रदेश स्थित अपना निवास क्षेत्र छोड़कर गुजरात के अहमदाबाद में जाकर छिप गया।
यवतमाल पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी का पता लगाया और यवतमाल शहर पुलिस की टीम को गुजरात रवाना किया। टीम ने अहमदाबाद के राखियाल परिसर में कार्रवाई करते हुए आरोपी को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।