Nagpur News: ठेकेदारों के कारण लगातार फूट रहीं पाइपलाइन, मनपा से तुरंत कार्रवाई की मांग
Nagpur News: ठेकेदारों के कारण नागपुर में लगातार पाइपलाइन फूटने के मामले उजागर हो रहे हैं। ओसीडब्ल्यू कम्पनी ने मनपा से शिकायत कर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
- Written By: सोनाली चावरे
ठेकेदारों के कारण लगातार फूट रहीं पाइपलाइन
नागपुर: सिटी की जलापूर्ति को सुचारु रखने के भले ही प्रयास किए जा रहे हों लेकिन केबल डालने के लिए अन्य एजेंसी द्वारा ठेकेदारों से लगातार पाइपलाइन फूटने के मामले उजागर हो रहे हैं। हर दूसरे दिन इस तरह का मामला उजागर होने के बाद अब जलापूर्ति करने वाली ओसीडब्ल्यू कम्पनी ने ही मनपा से शिकायत कर इन ठेकेदारों पर नकेल कसने की मांग की है।
बताया जाता है कि विकास कार्यों के नाम पर कई स्थानों पर ठेकेदारों की गलतियों के कारण जलापूर्ति पर विपरीत परिणाम हुआ है। 16 से 19 जून के दौरान प्रतापनगर, बिजली नगर सिविल लाइन्स, हसनबाग गेट, शारदा माता चौक, वैष्णवदेवी चौक, रवि नगर चौक जैसे स्थानों पर चल रहे कार्यों में ठेकेदारों ने जलवाहिनियों को क्षति पहुंचाई है। जलवाहिनियां फूट जाने के कारण इसका खामियाजा जलवाहिनियों पर आश्रित हजारों ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है।
मनपा की छवि हो रही मलिन
मनपा को हुई शिकायत में बताया गया कि इन घटनाओं के कारण कुछ इलाकों में गत कुछ दिनों से जलापूर्ति सेवा पर असर पड़ा है। यहां तक कि ग्राहकों की शिकायतों में भी इजाफा हुआ है। आश्चर्यजनक ढंग से टैंकर द्वारा जलापूर्ति की मांग बढ़ी है। नियमों के अनुसार नेटवर्क एरिया में ओसीडब्ल्यू की ओर से टैंकर द्वारा जलापूर्ति नहीं की जा सकती है। यही कारण है कि लोगों को टैंकर भी उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। जबकि अन्य ठेकेदारों की गलती के कारण मनपा की छवि मलिन हो रही है। ओसीडब्ल्यू की ओर से बताया गया कि गत कई माह से जलवाहिनियां खराब होने की घटनाएं जारी है। लेकिन अब यह प्रमाण बढ़ गया है। केवल जून में ही इस तरह की 17 घटनाएं हुईं। यहां तक कि गत 5 दिनों से लगातार किसी न किसी क्षेत्र में इस तरह की घटना हो रही है।
सम्बंधित ख़बरें
पुणे में ‘कोयता गैंग’ का आतंक! ऑटो ड्राइवर पर सरेआम खूनी हमला, एक के बाद एक 5 वार, देखें खौफनाक Video
Maharashtra 1st Conclave 2026: मुंबई में दिग्गजों का महाकुंभ, CM फडणवीस करेंगे महाराष्ट्र के विकास पर मंथन
पुणे के कोंढवा में बच्चों का मामूली झगड़ा बना सांप्रदायिक तनाव; बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी पथराव
नागपुर विश्वविद्यालय में BJYM का हंगामा: कुलगुरु ने दी सफाई, बोलीं-चर्चा को तैयार थी, आंदोलनकारियों ने नहीं…
इस तरह हुईं घटनाएं
- 16 जून 2025 : रात 8 बजे के करीब मेसर्स बीसीसी ट्रांसको (केबल डालने) द्वारा 150 एमएम की वितरण जलवाहिनी को नुकसान पहुंचाया गया। 48 घंटों तक सुधार कार्य लंबित रहा।
- 17 जून 2025 : दोपहर 2 बजे बिजली नगर के पास मेसर्स श्री कंबाइन्स (आप्टिकल फाइबर) कम्पनी ने 700 एमएम की फीडर वाहिनी को क्षतिग्रस्त किया। 22 हजार ग्राहकों की जलापूर्ति खंडित रही।
- 17 जून 2025 : दोपहर 4 बजे हसनबाग गेट के पास टी एंड टी इन्फ्रा प्रा. लि. कम्पनी की ओर से 200 एमएम की जलवाहिनी को नुकसान पहुंचाया गया। ठेकेदार की ओर से अब तक सुधार कार्य नहीं किया गया।
- 17 जून 2025 : शाम 7 बजे शारदा माता चौक गिट्टीखदान के पास मेसर्स एस.एस. कम्युनिकेशन द्वारा 150 एमएम की जलवाहिनी को क्षतिग्रस्त किया गया। ठेकेदार की ओर से सुधार कार्य लंबित है।
- 17 जून 2025 : रात 8 बजे वैष्णवदेवी चौक पर एमएसईबी के केबल बिछाने वाली ठेकेदार कम्पनी ने भरतवाडी टंकी की मुख्य जलवाहिनी को ही नुकसान पहुंचाया। ठेकेदार ने सुधार कार्य करने से इनकार कर दिया। ओसीडब्ल्यू द्वारा सुधार कार्य किया जा रहा है।
- 18 जून 2025 : रात 8 बजे प्रतापनगर चौक पर बीसीसी ट्रांसको ने फिर एक बार एचडीडी पद्धति से काम करते समय अमृत योजना की जलवाहिनी को नुकसान पहुंचाया।
- 19 जून 2025 : सुबह 9 बजे रवि नगर चौक पर एमएसईबी की ठेकेदार कम्पनी मेसर्स नक्षत्र जोशी ने 110 एमएम जलवाहिनी को फोड़ दिया. इस ठेकेदार कम्पनी ने सुधार कार्य शुरू किया है।
ठेकेदार कम्पनियों के लिए SOP जरूरी
मनपा से की गई शिकायत में ओसीडब्ल्यू ने कहा कि भविष्य में इस तरह के नुकसान को टालने तथा लोगों को हो रही परेशानियों को हल करने के लिए खुदाई करने वाली दूसरी एजेंसी के ठेकेदारों के लिए एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) होनी चाहिए। एचडीडी या तकनीकी कार्य के लिए खुदाई करते समय जमीन के नीचे की यूटिलिटी की जानकारी होनी चाहिए। सत्यापित करने की अनिवार्यता इन ठेकेदार कम्पनियों पर डालने की मांग भी की।
