दिल्ली से वाशिम जा रहे था नशे का सामान, कारंजा पुलिस ने ड्रग्स के साथ 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Washim News: वाशिम जिले की कारंजा पुलिस ने साढ़े सात लाख के ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह नशे का सामान दिल्ली से लाया जा रहा था। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
Washim Karanja police arrested two accused with mephedrone worth 7.5 lakh
मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार आरोपी (सोर्स: IANS)
Published on: 
Updated on: 

Washim Drug Seizure News: महाराष्ट्र के वाशिम जिले की कारंजा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब साढ़े सात लाख रुपए मूल्य का मेफेड्रोन (MD) बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कारंजा शहर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सपोनि जयदीप पवार को सूचना मिली थी कि दिल्ली से आई एक कार में नशे का सामान लाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बाईपास के पास जाल बिछाया और एमपी-37 नंबर की कार को रोककर जांच की। जांच के दौरान कार से 7 लाख 36 हजार रुपए मूल्य का मेफेड्रोन (MD) बरामद किया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आरिफ खान उर्फ आसिफ खान (32) और अमिन खान उर्फ सतार खान (52) निवासी कारंज शहर के रूप में हुई।

आरोपियों के पास से नशे के साथ-साथ 2 लाख 36 हजार रुपए भी बरामद किए गए। इसके अलावा, पुलिस ने 5 लाख रुपए मूल्य की कार भी जब्त कर ली है। इस प्रकार कुल मिलाकर 14 लाख 72 हजार रुपए मूल्य का माल जब्त किया गया है।

इस मामले में पुलिस ने NDPC (नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी सपोनि जयदीप पवार ने बताया कि नशे के खिलाफ यह कार्रवाई उनके विभाग की सतर्कता और मेहनत का परिणाम है।

बता दें कि वाशिम जिले में नशे की रोकथाम के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि वे किसी भी हाल में नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखेंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com