वाशिम जिले में 69 हजार घरकुलों को मंजूरी, अब तक 6,450 हुए पूर्ण
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 69,167 घरकुलों को मंजूरी मिली है। इनमें से केवल 6,450 घरकुल पूर्ण हुए हैं।
Washim News: आमजन को अपना घर मिलने के उद्देश्य से चलाए जा रहे प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण स्टेज2 के तहत जिले में कुल 69,167 घरकुलों को मंजूरी प्राप्त हुई है. इनमें से केवल 6,450 घरकुल पूर्ण हुए हैं, जबकि शेष हजारों घरकुल अभी अधूरे हैं. लाभार्थियों को अपने सपनों का घर कब मिलेगा, इसे लेकर प्रतीक्षा बनी हुई है. योजना के अनुसार घरकुलों के लिए अनुदान चार चरणों में दिया जाता है.
पहले किश्त में 15 हजार रुपये मिलने के बाद काम शुरू होता है. इसके बाद निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार अगली किश्त दी जाती है. इस प्रक्रिया में जियो टैगिंग और प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाता है. कुछ स्थानों पर निधि वितरण में विलंब, निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतें, मजदूरी का खर्च और गर्मी में पानी की समस्या जैसी वजहों से काम धीमी गति से चल रहा है.
जिले के 64,939 लाभार्थियों को पहली किश्त मिली है, जबकि 44,670 को दूसरी किश्त वितरित की गई है. कई लाभार्थी अगली किश्त के इंतजार में हैं. कुछ लाभार्थियों ने घर का काम पूरा कर लिया है, लेकिन अनुदान मिलने में विलंब हो रहा है. निर्माण सामग्री के बढ़े हुए दाम, मजदूरी का खर्च और गर्मी में पानी की समस्या के कारण कई लाभार्थियों को घर का काम पूरा करने में कठिनाई आ रही है. योजना का उद्देश्य पूरा करने के लिए प्रशासन से निधि वितरण को गति देने, प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने और लाभार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने की मांग की जा रही है.
