वर्धा: विज्ञान प्रदर्शनी के विजेता छात्रों को इसरो भ्रमण का मौका, पंकज भोयर ने दी शुभकामनाएं

Wardha Students: वर्धा के विज्ञान प्रतिभाशाली छात्रों को इसरो और कुप्पम भ्रमण का अवसर मिला है। इससे उनमें अनुसंधान, एआई और विज्ञान के प्रति नई प्रेरणा विकसित होगी।
Wardha: Science exhibition winning students get a chance to visit ISRO, Pankaj Bhoyar extends his best wishes
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Wardha Students ISRO Visit: वर्धा इसरो और कुप्पम की शैक्षणिक यात्रा से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित होगी तथा उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त होगी। भविष्य में विद्यार्थियों को अनुसंधान के अवसर मिलेंगे और वे एआई जैसे उन्नत विज्ञान को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। बाल वैज्ञानिक इस अवसर का लाभ उठाकर अपने जिले और देश का नाम रोशन करें, ऐसी शुभकामनाएं पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने दीं।

जिला नियोजन समिति की अभिनव योजना के अंतर्गत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) तथा आंध्र प्रदेश के कुप्पम में शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया है। पालकमंत्री ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देकर उन्हें बेंगलुरु के लिए रवाना किया।

यह सहल उनके ही संकल्प से आयोजित की गई है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी वान्मथी सी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य डॉ. मंगेश घोगरे, जिला नियोजन अधिकारी अनिरुद्ध राजुरवार, वरिष्ठ व्याख्याता संजय नवले तथा उपशिक्षणाधिकारी रुपेश कांबले उपस्थित थे।

पालकमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और विश्व को विज्ञान का महत्व समझाया है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह शैक्षणिक यात्रा आयोजित की गई है।

राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अमेरिका की अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था नासा की शैक्षणिक यात्रा पर भेजने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।

मंजूरी मिलते ही विद्यार्थियों को नासा की यात्रा पर ले जाया जाएगा जिलाधिकारी वान्मथी सी ने कहा कि जिले में विज्ञान प्रदर्शनी को अच्छा प्रतिसाद मिला है और इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर भविष्य में शोधकर्ता बनने का आह्वान किया।

पालकमंत्री का अभिभावकों से आग्रह

पालकमंत्री ने सहल पर जा रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की चिंता न करें। गृह राज्यमंत्री के नाते विद्यार्थियों की सुरक्षा की पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन द्वारा निभाई जाएगी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यालय से 44 विद्यार्थियों को निजी बस द्वारा नागपुर के लिए रवाना किया गया, बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया गया।

नागपुर से शाम 7 बजे की उड़ान द्वारा सभी 44 विद्यार्थी बेगलुरु के लिए प्रस्थान करेंगे, विद्यार्थियों के साथ 3 प्राध्यापक, 1 विस्तार अधिकारी और डॉक्टर भी मौजूद है। उनकी संपूर्ण व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com