

Highlights:
वर्धा जिले से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से 11 बीट में विभाजित किया गया है।
प्रत्येक बीट में एक पुलिस कर्मचारी और निगरानी के लिए पुलिस उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
जेल से छूटे आरोपियों, लूटपाट, सशस्त्र डकैती और वाहन चोरी में शामिल रहे अपराधियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
Wardha Police Security Plan: समृद्धि महामार्ग पर लूटपाट, डकैती और वाहन चोरी जैसी गंभीर वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वर्धा पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। जिले से गुजरने वाले 61 किलोमीटर लंबे महामार्ग को 11 बीट में विभाजित कर प्रत्येक बीट में एक पुलिस कर्मचारी और निगरानी के लिए पुलिस उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की गई है। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में 11 नवंबर को संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की गई।
इसमें अपर पुलिस अधीक्षक, उपविभागीय पुलिस अधिकारी पुलगांव, सिंदी रेलवे, सेलू, सावंगी और पुलगांव के थानेदारों सहित स्थानीय अपराध शाखा, विशेष शाखा, महामार्ग पुलिस, एमएसआरडीसी और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के अधिकारी उपस्थित थे। वर्धा जिले में समृद्धि महामार्ग सिंदी रेलवे, सेलू, सावंगी और पुलगांव पुलिस थाना क्षेत्र से गुजरता है। इसकी सुरक्षा के लिए अपर पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी तथा वर्धा और पुलगांव के उपविभागीय पुलिस अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने महामार्ग से सटे गांवों का सर्वे कर आपराधिक इतिहास वाले व्यक्ति, जेल से छूटे आरोपी तथा लूटपाट, सशस्त्र डकैती और वाहन चोरी में शामिल रहे लोगों की जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए।
लगातार अपराध करने वालों के खिलाफ एमपीडीए के तहत प्रस्ताव भेजने तथा चोरी का माल खरीदने और बेचने वालों पर भी मुख्य आरोपियों के समान प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा कबाड़ विक्रेताओं, पुराने मोबाइल और वाहन के स्पेयर पार्ट्स विक्रेताओं तथा अनधिकृत ढाबों की जानकारी लेकर उनका सत्यापन करने और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
वर्धा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि समृद्धि महामार्ग के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।