वर्धा में पुलिस भर्ती के लिए विभाग अलर्ट, शारीरिक परीक्षा 11 फरवरी से, 7,313 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे

Wardha Police News: वर्धा में 11 फरवरी से 134 पुलिस पदों के लिए भर्ती शुरू 7,313 उम्मीदवार होंगे शामिल। बाहरी परीक्षार्थियों के लिए ठहरने के इंतजाम और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए 450 पुलिसकर्मी तैनात।
Department alert for police recruitment in Wardha, field and physical examination from February 11, 7,313 candidates will appear in the fray
वर्धा में पुलिस भर्ती के लिए विभाग अलर्ट तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया )
Updated on

Wardha Police Recruitment 2026 News: वर्धा जिला पुलिस दल में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया जारी है। जिले में कुल 134 पदों के लिए 7,313 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इनमें 5,399 पुरुष, 1,913 महिला तथा एक तृतीयपंथी उम्मीदवार शामिल हैं। बुधवार, 11 फरवरी से सभी उम्मीदवारों की मैदानी व शारीरिक परीक्षा शुरू होने जा रही है। इसके लिए पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शक एवं शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में विभिन्न टीमें तैनात की गई हैं।

सभी उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं और निर्धारित तिथि पर उन्हें शारीरिक एवं मैदानी परीक्षा के लिए बुलाया गया है। पुलिस मुख्यालय के मैदान में ये परीक्षाएं ली जाएंगी। इसके लिए प्रतिदिन सुबह 5 बजे उम्मीदवारों को मैदान में उपस्थित रहना अनिवार्य है।

प्रतिदिन लगभग 800 महिला व पुरुष उम्मीदवार फिजिकल टेस्ट देंगे। उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 5 बजे मैदान में पहुंचना होगा। सुबह 7 बजे तक दस्तावेजों की बारीकी से जांच-पड़ताल कर इसे कंप्यूटर में पंजीयन किया जाएगा, इसके बाद शारीरिक परीक्षा की शुरुआत होगी।

बाहरी उम्मीदवारों के लिए रहने की सुविधा

पुलिस भर्ती के लिए अन्य जिलों से आने वाले उम्मीदवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सहायक पुलिस निरीक्षक राजेश पाटील को समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। नालवाड़ी स्थित महात्मा लॉन, महादेवपुरा स्थित महादेव मंदिर तथा रामनगर स्थित तुकाराम मठ में उम्मीदवारों के निवास की व्यवस्था की गई है यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल ने दी।

पुलिस मुख्यालय का मैदान तैयार

भर्ती प्रक्रिया के लिए पुलिस मुख्यालय का मैदान पूरी तरह तैयार किया गया है। मैदान में 100 मीटर दौड़ के लिए दो ट्रैक, गोला फेंक के लिए चार स्थल तैयार किए गए हैं, वहीं अन्य शारीरिक परीक्षाएं भी यहीं ली जाएगी। वहीं 1600 मी। दौड़ के लिए दत्तपुर चौक बायपास क्षेत्र निर्धारित किया गया है। भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियो कैमरे व सीसीटीवी कैमरों से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

450 अधिकारी और कर्मचारी रहेंगे तैनात

मैदानी और शारीरिक परीक्षा की यह प्रक्रिया लगभग 25 फरवरी तक चलने की संभावना है। शांतिपूर्ण एवं पारदर्शक तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए मैदान स्थल पर 300 पुलिसकर्मी व 150 पुलिस अधिकारी, कुल 450 अधिकारी-कर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मैदान स्थल पर ही जेरॉक्स मशीन की व्यवस्था की गई है। साथ ही पेयजल, ग्लूकोज आदि आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com