आज का मौसम 10 फरवरी: मैदानों से विदा हो रही सर्दी, दिल्ली-UP में बढ़ेगा पारा; पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

IMD Weather Forecast: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पारा बढ़ने से अब सर्दी कम होने लगी है, हालांकि यूपी में घने कोहरे और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। जानें आज का मौसम।
weather update
प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Weather Update 10 February 2026: देश के अधिकांश हिस्सों में अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। जहां दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में पारा चढ़ने के साथ धूप खिल रही है, वहीं मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में सर्दी अब विदा होने की राह पर है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 9 फरवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज यानी 10 फरवरी को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। आने वाले दिनों (11 से 15 फरवरी) में बहुत अधिक बड़े बदलावों की उम्मीद नहीं है, हालांकि सुबह के समय हल्का कुहासा और आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान तापमान 22 से 27 डिग्री के बीच बना रहेगा, जो ठंड के कम होने का स्पष्ट संकेत है।

उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर: 24 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट'

उत्तर प्रदेश में भले ही दिन में धूप निकल रही हो और दोपहर का पारा बढ़ रहा हो, लेकिन सुबह के समय अभी भी कड़ाके की ठंड और धुंध का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज 10 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के 24 जिलों में 'घने से अत्यंत घने कोहरे' का अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी सुबह 9 बजे तक प्रभावी रहेगी, विशेष रूप से ठंडी पछुआ हवाओं के कारण सुबह की सर्दी बरकरार है। 9 बजे के बाद कोहरा छंटने और आसमान साफ होने की उम्मीद है, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी की चेतावनी: उत्तराखंड में गिरेगा पारा

हिमालयी राज्यों में अभी ठंड का दौर खत्म नहीं हुआ है। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भी बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जिससे इन इलाकों के तापमान में फिर से कमी देखी जा सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी इसी तरह के मौसम की स्थिति बनी रहेगी।

दक्षिण भारत का हाल: गर्मी की आहट और सुबह की धुंध

दक्षिण भारत में पारा बढ़ने के साथ ही मौसम में गर्मी की आहट आने लगी है। तमिलनाडु के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के अनुसार, राज्य के कई जिलों में सुबह के शुरुआती घंटों में हल्की धुंध छाई रह सकती है, जिससे विजिबिलिटी कम होने की संभावना है। हालांकि, दिन के समय मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मुंबई में भी तापमान का स्तर ऊपर की ओर है, जहां 8 फरवरी को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com