वर्धा में पेट्रोल के लिए हाहाकार! एक दिन में बिक गया 2.60 लाख लीटर पेट्रोल, DSO ने की अफवाहों से बचने की अपील

Wardha Petrol Crisis March: वर्धा में पेट्रोल-डीजल बंद होने की अफवाह से हाहाकार! एक दिन में बिका 2.60 लाख लीटर पेट्रोल। जिले के 88 पंपों पर भारी भीड़, प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की।
Petrol and diesel sales double in Wardha district due to closure rumors. 88 pumps face stock shortage as daily petrol sale hits 2.60 lakh litres. Admin issues alert.
वर्धा पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Fuel Shortage Rumors Wardha: वर्धा जिले में बंद की अफवाह के चलते पेट्रोल और डीजल की मांग में अचानक तेज वृद्धि देखी गई। मंगलवार को देर रात तक जिले में सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक अस्थायी रूप से खत्म हो गया। इसके कारण बुधवार को कुछ पंप बंद भी रहे और नए स्टॉक की प्रतीक्षा करते नजर आए। जो पंप शुरू थे, वहां वाहनधारकों की भीड़ देखने मिली।

प्रशासन के अनुसार, वर्धा जिले में सामान्यतः प्रतिदिन करीब 1.40 लाख लीटर पेट्रोल और 3 लाख लीटर डीजल की बिक्री होती है। हालांकि, मंगलवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 2.60 लाख लीटर पेट्रोल और 4 लाख लीटर डीजल तक पहुंच गया। अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जिससे अचानक दबाव बढ़ गया।

वर्धा जिले में कुल कितने पेट्रोल पंप है?

बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिले में यह अफवाह फैल गई कि पेट्रोल पंप बंद हो सकते हैं। इस वजह से नागरिकों में घबराहट देखी गई। प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को विभिन्न पंपों पर पहुंचकर लोगों को समझाना पड़ा कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और पंप बंद होने की खबरें निराधार हैं।

जिले में कुल 88 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं, जो सामान्य स्थिति में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और जिन पंपों पर स्टॉक खत्म हुआ है, वहां जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। धोत्रा रेलवे क्षेत्र स्थित नायरा कंपनी के डिपो में भी पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध बताया गया है।

जिला प्रशासन लगातार आपूर्ति, वितरण और शेष स्टॉक की निगरानी कर रहा है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। परंतु बुधवार को दिनभर वर्धा सहित हिंगनघाट, देवली, आर्वी, कारंजा, आष्टी, सेलू, समुद्रपुर, पुलगांव सहित अन्य शहरों में पेट्रोल पंप पर भीड़ देखने मिली।

जिले में तहसीलवार पंप

वर्धा : 17 कारंजा-घाटंजी : 12 समुद्रपुर : 12 हिंगनघाट : 12 देवली : 11 सेलू : 11 आष्टी : 07 आर्वी : 06

  • जिले में कुल 88 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित
  • रोज 1.40 लाख लीटर पेट्रोल व 3 लाख लीटर डीजल की बिक्री
  • 2.60 लाख लीटर पेट्रोल व 4 लाख लीटर डीजल तक पहुंची बिक्री

किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दे : DSO

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी राजू रणवीर ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com