सेलू-काटे में हुआ भीषण हादसा, पति-पत्नी और बेटे की मौत, दूसरा बेटा गंभीर घायल

Wardha Road Accident News: वर्धा के सेलू-काटे मार्ग पर भीषण सड़क हादसा। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। दूसरा बेटा गंभीर घायल हुआ। चालक फरार है और जांच जारी है।
सेलू-काटे में हुआ भीषण हादसा
सेलू-काटे में हुआ भीषण हादसा (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Hit And Run Case Wardha: समीपस्थ सेलू-काटे के पास स्थित भोयर परिवार पर सोमवार देर रात मौत ने कहर ढा दिया। चारपहिया वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके एक बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बेटे का उपचार सावंगी (मेघे) के अस्पताल में चल रहा है।

यह दर्दनाक हादसा रात लगभग 10 बजे नवोदय विद्यालय के समीप हुआ। मृतकों में सोमनाथ भोयर (38), निकिता सोमनाथ भोयर (32) और उनका 12 वर्षीय बेटा पुरब सोमनाथ भोयर शामिल हैं, जबकि 6 वर्षीय कान्हा सोमनाथ भोयर गंभीर रूप से घायल है।

सोमवार रात 10 बजे हुआ दर्दनाक हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमनाथ भोयर अपने परिवार के साथ गणेशनगर में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पास तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने अचानक उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वाहन चालक मौके से फरार

हादसे के बाद चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन वायगांव का है। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को सावंगी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पूरे गांव में शोक की लहर

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में गहरा दुःख व्याप्त है।

बेलगाम वाहन चालकों पर कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने बढ़ते ट्रैफिक और लापरवाह वाहन चालकों पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। साथ ही, सावंगी (मेघे) क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग न होने पर भी नागरिकों में रोष है। वर्धा-हिंगनघाट मार्ग पर वाहनों का परिवहन चौबीसों घंटे चलता है। ग्रामीणों ने रात्रि के समय बेलगाम वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने और पुलिस प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com