Wardha News: साहर PHC के वैद्यकीय अधिकारी पर कर्मचारियों के गंभीर आरोप, जांच समिति गठित

Sahar PHC Wardha: वर्धा के साहर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों ने वैद्यकीय अधिकारी डॉ. प्रणय भोंड पर अभद्र व्यवहार, धमकी और अनुचित आचरण के गंभीर आरोप लगाए हैं।
sahar phc wardha doctor complaint investigation
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साहर- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Wardha Health Department: आष्टी-शहीद तहसील के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साहर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वैद्यकीय अधिकारी डॉ. प्रणय भोंड के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों को शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉ. भोंड कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं तथा धमकीपूर्ण तरीके से पेश आते हैं, जिससे कर्मचारियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है और शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, डॉ. भोंड मरीजों और आम नागरिकों के सामने कर्मचारियों को फटकारते हैं तथा उनके प्रति नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि इससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत में कुछ महिला कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार और कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, एक पूर्व महिला कर्मचारी ने अनुभव प्रमाणपत्र जारी करने के बदले अनुचित मांग किए जाने का आरोप भी लगाया है।

आष्टी-शहीद के साहर PHC में विवाद

कर्मचारियों का यह भी कहना है कि नए कर्मचारियों को काम नहीं सिखाने, उन्हें अलग-थलग रखने और धमकी देने जैसी बातें भी की जाती हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि स्थानीय राजनीतिक व्यक्तियों के समक्ष कर्मचारियों के बारे में गलत जानकारी देकर उन्हें परेशान कराने का प्रयास किया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार, ऐसे माहौल के कारण एक स्वास्थ्य सेवक ने प्रतिनियुक्ति पर अन्यन्त्र स्थानांतरण ले लिया।

DHO ने दिए जांच के निर्देश

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय स्तर पर आपसी चर्चा के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास किया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव के कारण क्षेत्र में गृहभेटी, सर्वेक्षण तथा अन्य शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिला स्वास्थ्य प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने तथा आरोपों की पुष्टि होने पर डॉ. प्रणय भोंड का अन्यत्र तबादला किए जाने की मांग की है।

जांच समिति का किया गया गठन

इस संपूर्ण प्रकरण में शिकायत प्राप्त होते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने शीघ्र जांच-पड़ताल के निर्देश दिए है। यही नहीं तो मामले की जांच के लिए जिला मातृ-बाल संगोपन अधिकारी डॉ. मंगेश रेवतकर की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन भी किया गया है।

मामले की जांच-पड़ताल के दिए गए निर्देश : DHO

जिप DHO स्वप्नील बेले ने कहा कि इस प्रकरण में हमें साहुल पीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा एक शिकायत प्राप्त हुई है। इस संदर्भ में नियुक्त जांच समिति को उचित निर्देश दिये गए है। समिति की रिपोर्ट प्राप्त होते ही अगर कोई दोषी पाया जाता हैं तो, आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com