रोठा बालिका हत्याकांड: SIT ने 25 दिनों में पूरी की जांच, जल्द कोर्ट में दाखिल होगी चार्जशीट

SIT Investigation Completed: वर्धा के रोठा में 12 वर्षीय बालिका के अत्याचार और हत्या मामले में SIT ने 25 दिनों में जांच पूरी कर ली है। पुलिस ने करीब 50 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है।
rotha girl murder case sit chargesheet
रोठा बालिका हत्याकांडफाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Rotha Murder Case: वर्धा जिले के रोठा परिसर में 12 वर्षीय मासूम के साथ अत्याचार और हत्या के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने 25 दिनों में अपनी जांच पूरी कर ली है। पुलिस ने इस मामले में करीब 50 पन्नों की चार्जशीट तैयार की है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जल्द ही मामले की चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की जाएगी, ऐसी जानकारी सामने आई है। ज्ञात हो कि रोठा क्षेत्र में बुधवार, 15 जुलाई 2026 की शाम यह जघन्य वारदात सामने आने के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था। पीड़ित बालिका का परिवार क्षेत्र के एक खेत में रहता है।

घटना के दिन उसकी दो बहनें स्कूल गई थीं, जबकि मां काम के लिए बाहर गई थी और पिता किसी काम से शहर गए थे। 12 वर्षीय बालिका दोपहर करीब 3 बजे घर लौटी थी। इसी दौरान गांव निवासी आरोपी राहुल राजू मडावी (30) उसके घर पहुंचा और किसी बहाने से घर में प्रवेश कर बालिका के साथ जबरदस्ती करने लगा। बालिका ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसके साथ अत्याचार किया। इसके बाद आरोपी ने बाथरूम में पड़े एक बड़े पत्थर से बालिका के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

करीब 50 पन्नों की चार्जशीट तैयार

घटना की जानकारी सामने आते ही पूरे जिले में आक्रोश फैल गया। नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया तथा वर्धा बंद भी रखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। जिले के पालकमंत्री डॉ। पंकज भोयर ने भी समीक्षा बैठक लेकर जल्द जांच पूरी करने तथा मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही थी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव भी वरिष्ठ स्तर पर भेजा गया है।

SIT ने सभी पहलुओं पर जांच की

पुलिस ने घटना के दूसरे दिन आरोपी राहुल मडावी को गांव से हिरासत में लिया था। न्यायालय से आरोपी का दो बार पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया गया। वर्धा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडीक के नेतृत्व में 2 पुलिस निरीक्षक, 1 एपीआई, 1 पीएसआई और 5 पुलिस कर्मियों को मिलाकर 10 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया गया था। 19 जुलाई को आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन किया गया। बालिका की मेडिकल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रयोगशाला में भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच की गई। 24 जुलाई को PCR समाप्त होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। करीब 25 दिनों तक चली गहन जांच के बाद SIT ने चार्जशीट तैयार कर ली है। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में जांच पूरी की गई।

rotha girl murder case sit chargesheet
Operation Washout से अवैध शराब कारोबार पर वर्धा पुलिस का शिकंजा, 162 मामले दर्ज,₹1.40 करोड़ का माल जब्त

मामले की जांच पूरी

वर्धा SDPO एवं SIT प्रमुख सुनील महाडीक ने कहा कि “रोठा हत्याकांड मामले की जांच पूरी हो चुकी है। चार्जशीट भी तैयार कर ली गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के बाद जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।”

Navbharat Live
navbharatlive.com